अखिलेश के बयान पर भड़के संजय निषाद, बोले- निषाद पार्टी को किसी बैसाखी की जरूरत नहीं

Sanjay Nishad, Samajwadi Party slogan, Powerful Engine SP Vision,

लखनऊ: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को किसी सहारे की जरूरत नहीं है। बुधवार को सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने सपा नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि निषाद पार्टी के भविष्य को लेकर अफवाह फैलाने के बजाय सपा को पहले अपने हालात पर विचार करना चाहिए।

‘जिनके घर शीशे के होते हैं, वे दूसरों पर पत्थर नहीं फेंकते’

संजय निषाद ने सपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा, “जिनके घर शीशे के बने होते हैं, वे दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकते।” उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी को लेकर अनर्गल टिप्पणियां करने के बजाय समाजवादी पार्टी को अपने संगठन और राजनीतिक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

सीटों को लेकर सपा को दी नसीहत

संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी को कितनी सीटें मिलेंगी, इसकी चिंता करने के बजाय सपा को पहले कांग्रेस के साथ अपने सीट बंटवारे पर फैसला करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के अंदर ही कई लोग असंतुष्ट हैं और पार्टी के अपने लोग टूटने की स्थिति में हैं।

सपा पर साधा निशाना, बोले- नहीं चाहिए किसी की बैसाखी

निषाद पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी को समाजवादी पार्टी की किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा अभी तक कांग्रेस की बैसाखी का इंतजाम भी नहीं कर पाई है।

सपा नेताओं से मुलाकात के बाद बढ़ी बयानबाजी

गौरतलब है कि इससे पहले डॉ. संजय निषाद सपा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत कई नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। हालांकि अब दोनों दलों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर अखिलेश ने किया था हमला

दरअसल, गोंडा में निषाद समाज के नेता विनोद साहनी की हत्या के बाद डॉ. संजय निषाद के धरने को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने 11 सितंबर को उन पर निशाना साधा था। अखिलेश यादव ने कहा था कि सहयोगी दल के मंत्री को धरने पर बैठने के बजाय सरकार पर दबाव बनाना चाहिए और जरूरत पड़ने पर सरकार से बाहर जाने की धमकी देनी चाहिए।

इसी बयान के बाद अब संजय निषाद ने पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

 

Related posts