अनुराग श्रीवास्तव बने नए आयुक्त कृषि उत्पादन
आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त
आलोक कुमार-3 को मिला वित्त विभाग
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन में शनिवार को वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार के सेवानिवृत्त होते ही शीर्ष नौकरशाही में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। दीपक कुमार के पास अब तक कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी), अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) तथा अपर मुख्य सचिव वित्त जैसे कई अहम विभागों की जिम्मेदारी थी। उनके रिटायर होते ही शासन ने इन तीनों प्रमुख पदों समेत 15 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में व्यापक फेरबदल के आदेश जारी कर दिए हैं।
दीपक कुमार के खाली हुए पदों को वरिष्ठ अफसरों के बीच बांटते हुए शासन ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव को नया कृषि उत्पादन आयुक्त (एपीसी) तैनात किया है। अनुराग श्रीवास्तव इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल, मिशन निदेशक ग्रामीण पेयजल मिशन तथा परियोजना निदेशक राज्य स्वच्छ गंगा मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। वहीं, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) के शीर्ष पद की जिम्मेदारी आईएएस आलोक कुमार-2 को सौंपी गई है, जिन्हें इसके साथ ही अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास, अपर मुख्य सचिव एनआरआई तथा अध्यक्ष पिकप का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
इसी क्रम में वित्त विभाग की कमान संभालते हुए आईएएस आलोक कुमार-3 को अब प्रमुख सचिव वित्त, प्रमुख सचिव संस्थागत वित्त तथा प्रमुख सचिव बाह्य सहायतित परियोजना का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि उनके पास प्रमुख सचिव नियोजन, कार्यक्रम कार्यान्वयन, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स तथा नोडल अधिकारी वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी का दायित्व पहले से है।
प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक तथा महानिदेशक उपाम एम० देवराज को अध्यक्ष राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण-1 का अतिरिक्त जिम्मा मिला है।
प्रमुख सचिव कृषि डॉ० एम०के०एस० सुंदरम को प्रमुख सचिव समन्वय और परियोजना निदेशक यूपीडास्प का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जबकि प्रमुख सचिव लोक निर्माण तथा उपशा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अजय चौहान को सीईओ यूपीडा का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पंधारी यादव को प्रमुख सचिव बाह्य सहायतित परियोजना के प्रभार से अवमुक्त कर दिया गया है।
निगमों व मंडलों के स्तर पर हुए बदलावों में उप्र जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार को स्थानांतरित कर एमडी पीसीएफ बनाया गया है, जबकि पीसीएफ के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह को अब उप्र जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन कृष्ण कुमार को झाँसी मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन चन्द्र शेखर को मुख्य कार्यपालक अधिकारी (पीएमकेएसवाई) व प्रशासक ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकारी का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
वहीं, सचिव प्रशासनिक सुधार भूपेंद्र एस० चौधरी को स्थानांतरित कर सचिव उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग के पद पर भेजा गया है, जबकि प्रतीक्षारत चल रहे देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव प्रशासनिक सुधार बनाया गया है। विशेष सचिव समाज कल्याण प्रवीण मिश्रा को प्रबंध निदेशक उप्र अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम तथा निदेशक जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
