बोले, पार्टी का चश्मा उतारकर देखें सपा प्रमुख तो विकास दिखेगा
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर श्रवण धाम में पौधरोपण करने पहुंचे अंबेडकरनगर जिले के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पांच साल की सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पांच साल अखिलेश यादव की सरकार रही थी । मुजफ्फरनगर दंगे में जल रहा था और अखिलेश सैफई में नाच देख रहे थे। सपा सरकार में एक हजार दंगे हुए। कर्फ्यू लगे और 1200 की जनहानि हुई।
अखिलेश आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल पर सवाल उठा रहे हैं। लेकिन पिछले नौ साल में एक भी दंगा नहीं हुआ। कोई जनहानि नहीं हुई है । कहीं कर्फ्यू लगने की नौबत नहीं आई । उत्तर प्रदेश आज सबसे बड़ा एक्सप्रेस वे वाला प्रदेश बन गया है। कनेक्टिविटी बेहतर हुई है । जिलों और गांवों के बीच आवागमन बेहतर हुआ है। पार्टी का चश्मा उतारकर अखिलेश जी देखेंगे तो उन्हें विकास दिखाई देगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से देश आगे बढ़ रहा है। श्रवण धाम का विकास निरंतर हो रहा है। भाजपा सरकार में यहां की तस्वीर बदल गई है।
आगामी विधान सभा चुनाव पर कहा कि पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें एनडीए जीतकर सरकार बनाएगी । पंचायत चुनाव पर कहा कि हम समय से चुनाव कराने के पक्ष में है । समाजवादी पार्टी के लोगों ने अपने लीगल एडवाइजर से हाईकोर्ट में मुकदमा दाखिल करा दिया। मुकदमा दाखिल होने के बाद अखिलेश यादव का पहला बयान आया कि पंचायत चुनाव नहीं होगा। हाईकोर्ट के निर्देश पर जवाब दाखिल किया गया। पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन कर दिया गया है। आगे कोर्ट का जो आदेश आएगा उसका पालन करेंगे।
