नई दिल्ली: नारियल तेल का इस्तेमाल आमतौर पर बालों की देखभाल के लिए किया जाता है, लेकिन त्वचा के लिए भी इसे काफी उपयोगी माना जाता है। इसमें मौजूद लॉरिक और कैप्रेलिक फैटी एसिड्स के साथ विटामिन ई जैसे पोषक तत्व त्वचा को पोषण देने और प्राकृतिक निखार बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। खासतौर पर रूखी त्वचा की देखभाल में नारियल तेल को सही तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आप त्वचा की देखभाल के लिए प्राकृतिक तरीका तलाश रहे हैं तो नारियल तेल को इन तरीकों से अपनी दिनचर्या में शामिल कर सकते हैं।
बॉडी मॉइश्चराइजर के तौर पर करें इस्तेमाल
अगर आपकी त्वचा रूखी रहती है तो नारियल तेल को प्राकृतिक मॉइश्चराइजर के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है। नहाने के बाद फटी कोहनियों, एड़ियों और बार-बार रूखी होने वाली त्वचा पर नारियल तेल लगाया जा सकता है। इससे त्वचा में नमी बनाए रखने में मदद मिलती है।
मेकअप हटाने में भी आ सकता है काम
वॉटरप्रूफ मस्कारा, आईलाइनर और लिपस्टिक जैसे मेकअप को हटाने के लिए भी नारियल तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए रुई में दो से तीन बूंद नारियल तेल लेकर मेकअप वाली जगह पर हल्के हाथों से लगाएं। कुछ सेकंड बाद मेकअप आसानी से साफ किया जा सकता है।
नारियल तेल से तैयार करें फेस स्क्रब
नारियल तेल की मदद से घर पर फेस स्क्रब भी तैयार किया जा सकता है। इसके लिए एक छोटी कटोरी में दो बड़े चम्मच नारियल तेल और एक बड़ा चम्मच नमक मिलाएं। इसमें एक छोटा चम्मच नींबू और एक विटामिन ई कैप्सूल डालकर अच्छी तरह मिला लें। तैयार मिश्रण को चेहरे पर लगाकर दो से तीन मिनट तक हल्के हाथों से रगड़ें और फिर सादे पानी से चेहरा धो लें।
एलोवेरा के साथ बनाएं फेस मास्क
रूखी त्वचा में नमी बनाए रखने और चेहरे की रंगत निखारने के लिए नारियल तेल और एलोवेरा का फेस मास्क तैयार किया जा सकता है। इसके लिए एक बड़ा चम्मच नारियल तेल में एक बड़ा चम्मच एलोवेरा जेल और एक चुटकी हल्दी मिलाएं। इस मिश्रण को चेहरे पर लगाकर 15 से 20 मिनट तक रखें। इसके बाद हल्के हाथों से मसाज करते हुए सादे पानी से चेहरा धो लें।
अंडर आई क्रीम की तरह करें इस्तेमाल
आंखों के नीचे होने वाले काले घेरों की देखभाल के लिए भी नारियल तेल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए नारियल तेल की कुछ बूंदें लेकर आंखों के नीचे गोलाकार तरीके से करीब 30 सेकंड तक हल्के हाथों से मालिश करें। इसे रातभर लगा रहने दें और सुबह फेस वॉश से चेहरा साफ कर लें।
