Google Pixel Tag की भारत में एंट्री, खोया सामान मिनटों में खोजेगा ये छोटा ट्रैकर; AirTag को देगा सीधी टक्कर

नई दिल्ली: Google ने भारत में अपना पहला ब्लूटूथ ट्रैकर Google Pixel Tag आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी का यह नया डिवाइस भारत समेत अन्य वैश्विक बाजारों में Apple AirTag को टक्कर देगा। Google ने बताया है कि Pixel Tag इस साल के अंत में देश में ऑनलाइन बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। कंपनी ने इसकी कीमत और प्रमुख स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी पहले ही साझा कर दी है। इसे अकेले या चार डिवाइस वाले पैक में खरीदा जा सकेगा।

भारत में इतनी होगी Pixel Tag की कीमत

Google Pixel Tag की भारत में एक यूनिट की कीमत 3,799 रुपये रखी गई है। वहीं, चार Pixel Tag वाले पैक की कीमत 12,900 रुपये तय की गई है। कंपनी के मुताबिक यह ब्लूटूथ ट्रैकर नवंबर में Google इंडिया के ऑनलाइन स्टोर के जरिए बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इसे फिलहाल केवल Fog कलर में पेश किया गया है। इसका डिजाइन पेबल शेप में है, जिसमें एलईडी इंडिकेटर और सामने Google की ब्रांडिंग दी गई है।

सटीक लोकेशन के लिए मिलेगी UWB तकनीक

Google Pixel Tag में सटीक लोकेशन पता लगाने के लिए ब्लूटूथ चैनल साउंडिंग और अल्ट्रा-वाइडबैंड यानी UWB कनेक्टिविटी दी गई है। यह डिवाइस Find Hub एप के साथ इंटीग्रेटेड है। इसके जरिए यूजर्स डायरेक्शनल गाइडेंस की मदद से अपने Pixel Tag तक पहुंच सकते हैं। यह ट्रैकर Google Pixel डिवाइसेस के साथ फास्ट पेयरिंग को भी सपोर्ट करता है।

स्पीकर से बजा सकेंगे अलार्म, फोन भी करेगा रिंग

Pixel Tag में इन-बिल्ट स्पीकर दिया गया है। यूजर अपने Pixel डिवाइस पर Find Hub एप की मदद से ट्रैकर में दूर से अलार्म बजा सकते हैं। इसके अलावा डिवाइस पर एक बटन भी मौजूद है, जिसकी मदद से खोए हुए फोन को रिंग किया जा सकता है। खास बात यह है कि Pixel Tag के जरिए फोन को रिंग करने पर साइलेंट मोड में होने के बावजूद अलार्म बज जाएगा।

Gemini से भी कर सकेंगे Pixel Tag को रिंग

Google Pixel डिवाइस के जरिए यूजर्स Gemini को Pixel Tag रिंग करने के लिए कह सकेंगे। कंपनी ने इस ट्रैकर में यूजर-रिप्लेसेबल CR2032 कॉइन-सेल बैटरी दी है। Google का दावा है कि यह बैटरी एक साल से ज्यादा समय तक चल सकती है।

IP67 रेटिंग के साथ आता है ट्रैकर

Google Pixel Tag को धूल और पानी से बचाव के लिए IP67 रेटिंग मिली है। कंपनी के अनुसार यह डिवाइस 30 मिनट तक अधिकतम 1 मीटर गहरे पानी में रह सकता है। ट्रैकर में पॉलीकार्बोनेट और मेटल बॉडी के साथ एक्सेलेरोमीटर भी दिया गया है।

Android 9 और नए वर्जन वाले डिवाइस से होगा कंपैटिबल

Google Pixel Tag Android 9 और इसके बाद के वर्जन पर चलने वाले डिवाइसेस के साथ कंपैटिबल है। कंपनी इस ब्लूटूथ ट्रैकर पर एक साल की वारंटी दे रही है। इसके आयाम 28×46.1×5.4 मिलीमीटर हैं और इसका वजन करीब 11.8 ग्राम है।

 

Related posts