मुंबई: दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चा में हैं। इस महीने के अंत तक उनकी डिलीवरी होने की उम्मीद जताई जा रही है। हाल ही में दीपिका और रणवीर सिंह ने बेटी दुआ के दूसरे जन्मदिन पर परिवार की तस्वीरें साझा की थीं, जिनमें दीपिका अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट करती नजर आईं। इसी बीच दीपिका ने अपनी पहली प्रेग्नेंसी के दौरान उठे ‘फेक बेबी बंप’ के दावों से जुड़े एक पोस्ट को लाइक किया है, जिसके बाद उनका यह रिएक्शन चर्चा में आ गया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में महिलाओं के शरीर को लेकर कही गई बात
दीपिका के दूसरे प्रेग्नेंसी फोटोशूट की तस्वीरों पर प्रतिक्रिया देते हुए एक सोशल मीडिया यूजर ने उनकी पहली प्रेग्नेंसी के दौरान हुए विवाद का जिक्र किया। यूजर ने कहा कि हर महिला के शरीर की बनावट अलग होती है और जरूरी नहीं कि हर किसी का बेबी बंप एक जैसा नजर आए।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि महिलाओं को उनकी प्रेग्नेंसी का आनंद लेने देना चाहिए और उनके शरीर को लेकर शक या आलोचना नहीं करनी चाहिए।
‘हर सेलिब्रिटी अपनी प्रेग्नेंसी का नाटक नहीं करता’
वीडियो पोस्ट में सोशल मीडिया यूजर ने कहा कि उसने दीपिका की पहली प्रेग्नेंसी को लेकर कई तरह की अफवाहें सुनी थीं। इनमें यह दावा भी किया गया था कि उनकी प्रेग्नेंसी नकली थी और वह इसका दिखावा कर रही थीं।
यूजर ने इस तरह की बातों को अजीब बताते हुए कहा कि समाज में सेलिब्रिटीज को लेकर ऐसी धारणाओं को सामान्य मानना ठीक नहीं है। पोस्ट में कहा गया कि हर सेलिब्रिटी अपनी प्रेग्नेंसी का नाटक नहीं करता और इस बार भी दीपिका के साथ ऐसा नहीं है। यूजर ने लोगों से दीपिका को इस खास पल का आनंद लेने देने की अपील की और अलग-अलग शरीर की बनावट वाली महिलाओं पर प्रेग्नेंसी का नाटक करने का आरोप लगाने से बचने की बात कही।
इस पोस्ट पर दीपिका के कई प्रशंसकों ने भी उनका समर्थन किया।
दीपिका ने पोस्ट को लाइक कर दिया रिएक्शन
दीपिका पादुकोण ने इस वीडियो पोस्ट को लाइक किया है। इसके बाद उनका यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि दीपिका ने इस मुद्दे पर कोई अलग बयान नहीं दिया है, लेकिन पोस्ट को लाइक करने के बाद पहली प्रेग्नेंसी से जुड़े पुराने विवाद की चर्चा फिर शुरू हो गई।
2024 में बेबी बंप को लेकर हुई थीं ट्रोल
दीपिका पादुकोण 20 मई 2024 को लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में मतदान करने के लिए बाहर निकली थीं। उस समय वह प्रेग्नेंट थीं। उनका वीडियो सामने आने के बाद कई लोगों ने उन्हें ट्रोल किया था। कुछ लोगों ने उनके बेबी बंप को लेकर भद्दे कमेंट किए थे, जबकि कुछ ने इसे नकली तक बता दिया था।
इस विवाद के बाद आलिया भट्ट समेत कई सेलिब्रिटीज दीपिका के समर्थन में सामने आए थे।
