गोरखपुर को 22 जुलाई को मिलेगी बड़ी सौगात, सीएम योगी करेंगे पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 जुलाई को गोरखपुर शहर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही देवरिया बाईपास फोरलेन फ्लाईओवर और नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी उद्घाटन होगा। परियोजना के शुरू होने के बाद शहर में जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने के साथ लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और देवरिया की ओर आवागमन भी अधिक सुगम हो जाएगा।

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने वाली इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लंबे समय से ट्रांसपोर्टनगर, महेवा, रुस्तमपुर, नहर रोड और देवरिया बाईपास क्षेत्र में जाम से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।

लोकार्पण की तैयारियां अंतिम चरण में

22 जुलाई को होने वाले लोकार्पण समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ फ्लाईओवर और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।

बारिश की संभावना को देखते हुए समारोह देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग पर जीडीए कार्यालय से पहले स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

फ्लाईओवर के नीचे भी सुचारु होगा यातायात

कार्यदायी संस्था सेतु निगम ने फ्लाईओवर के साथ-साथ उसके नीचे से भी यातायात सुचारु करने की तैयारियां पूरी कर ली हैं। फोरलेन फ्लाईओवर के नीचे लगी शटरिंग और निर्माण सामग्री हटा दी गई है, जिससे देवरिया बाईपास और सिक्सलेन फ्लाईओवर के नीचे से भी बिना किसी बाधा के वाहन गुजर सकेंगे।

पैडलेगंज से नौसढ़ तक का सफर होगा आसान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई इस परियोजना का उद्देश्य शहर के सबसे व्यस्त मार्गों पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाना है।

अब तक पैडलेगंज से नौसढ़ तक पहुंचने में जाम के कारण कई बार एक से डेढ़ घंटे तक का समय लग जाता था। फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यह दूरी काफी कम समय में तय की जा सकेगी।

इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज और देवरिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों को भी निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी। देवरिया बाईपास की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तैयार किया गया फोरलेन फ्लाईओवर यातायात के दबाव को विभाजित करने में अहम भूमिका निभाएगा, जिससे प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी।

एलईडी लाइट और चित्रकारी से निखरी फ्लाईओवर की पहचान

यह फ्लाईओवर केवल यातायात सुविधा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शहर की नई पहचान भी बनेगा। फ्लाईओवर पर तिरंगा थीम की एलईडी लाइटें लगाई गई हैं, जो रात के समय इसे आकर्षक स्वरूप देती हैं।

इसके साथ ही फ्लाईओवर के खंभों पर गोरक्षनगरी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाती चित्रकारी भी की गई है, जो राहगीरों का ध्यान आकर्षित कर रही है।

परियोजना की प्रमुख बातें

सिक्सलेन फ्लाईओवर की लंबाई 2.658 किलोमीटर है। इसे छह लेन (3×7.50 मीटर) चौड़ाई के साथ बनाया गया है। परियोजना की कुल लागत 429.49 करोड़ रुपये है। इसका निर्माण फरवरी 2023 में शुरू हुआ था और अब 22 जुलाई को इसका लोकार्पण किया जाएगा। इसी दिन नौ किलोमीटर लंबे देवरिया बाईपास फोरलेन मार्ग का भी उद्घाटन होगा।

 

Related posts