भाजपा जिलाध्यक्ष का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर 25 मई को वायरल हुआ था
लखनऊ । गोंडा के भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप उर्फ बमबम को बुधवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। यह कार्रवाई पिछले दिनों एक महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गयी है। वहीं दूसरी तरफ अमर किशोर बमबम ने इस निर्णय पर सवाल खड़ा करते हुए एकतरफा कार्रवाई बताया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को बुधवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। यह कार्रवाई 25 मई को सोशल मीडिया पर वायरल एक आपत्तिजनक वीडियो को लेकर की गयी है। दरअसल, भाजपा कार्यालय का एक वीडियो 25 मई को वायरल हुआ था, जिसमें अमर किशोर कश्यप एक महिला कार्यकर्ता के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आए थे। यह वीडियो 12 अप्रैल की रात का बताया गया था।
इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर बमबम ने सामने आकर कहा था कि वायरल वीडियो उनका है। वह पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता को चक्कर आने पर सहारा दे रहे थे। महिला ने भी सामने आकर खुलकर अपनी बात कही थी। उसने जिलाध्यक्ष को अपना भाई बताते हुए गलत तरीके से वीडियो वायरल करने के मामले में छपिया थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी, जिसकी विवेचना मनकापुर कोतवाली पुलिस द्वारा की जा रही है।
यह भी पढ़ें : राजा रघुवंशी हत्याकांड : साथियों समेत आठ दिन की हिरासत में भेजी गई सोनम
इस सबके बीच पार्टी नेतृत्व ने भी जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। इस पर 28 मई को जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बमबम ने अपना जवाब दे दिया था। बीते सात मई को भाजपा जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक जिले में दौरे पर आए थे। उस समय पार्टी पदाधिकारियों ने खुलकर नाराजगी जाहिर की थी। यही नहीं, कुछ लोगों ने तो बैठक का बहिष्कार भी किया था। इसके बाद जिला प्रभारी ने पूरी रिपोर्ट प्रांतीय नेतृत्व को सौंपी थी।
बुधवारकी सुबह भाजपा के प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया। कहा गया है कि आपके द्वारा भेजा गया स्पष्टीकरण संतोषजनकनहीं है। आपका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। अतः सम्यक विचारोपरांत प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।
भाजपा ने की एकपक्षीय कार्रवाई: अमर किशोर
वायरल वीडियो मामले में भाजपा से निष्कासित किए गए पूर्व जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप बुधवार को मीडिया के सामने आए। उन्होंने कहा कि यह एकपक्षीय कार्रवाई की गई है। हमने पहले ही कहा था कि पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह हमें मान्य होगा, लेकिन पार्टी द्वारा एकपक्षीय कार्रवाई की गयी है। उन्होंने कहा कि फुटेज जारी कराने वालों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने पार्टी के कुछ पदाधिकारियों का नाम लेते हुए सीसीटीवी फुटेजवायरल कराने का आरोप लगाया। कहा कि इन लोगों को भी पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए, क्योंकि वीडियो फुटेज वायरल कराकर इन लोगों ने पार्टी को बदनाम किया है। अमर किशोर ने कहा कि मैं छोटा सा कार्यकर्ता, गरीब घर से उभरकर आया था। लोगों की आंख में गड़ने लगा।
भाजपा मीडिया प्रभारी ने कोतवाली में दी तहरीर
भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर को निष्कासित किए जाने के बाद आए उ बयान पर आपत्ति जताते हुए मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र ओझा उर्फ पट्टू ओझा ने नगर कोतवाली में तहरीर दी है, जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष अमर किशोर क बमबम पर आरोप लगाया है कि उन्होंने बिना किसी ठोस सबूत और आधार के एक यूट्यूब चैनल को बयान दिया है जिसमें मेरे साथ ही पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा पियूष मिश्रा, जिला महामंत्री राकेश तिवारी व जिला उपाध्यक्ष प्रदीप पांडेय क नाम लेते हुए भाजपा कार्यालय के अंदर सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुए फोटो एवं वीडियो को वायरल करने का आरोप लगाया गया है, जिससे किसी का कोई दूर-दूर तक वास्ता, सरोकार नहीं है।
अमर किशोर द्वारा लगाए गए झूठे आरोपों के कारण उनके साथ ही अन्य पदाधिकारियों की सामाजिक एवं राजनैतिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वह काफी आहत हैं। उन्होंने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें : अखिलेश बोले विधानसभा चुनाव में अराजकता पैदा करना चाहती है भाजपा