‘दिल्ली के शहजादे के आगे लखनऊ के नवाब ने टेके घुटने?’ अखिलेश पर ओम प्रकाश राजभर का तंज, 111 से फिर 47 सीटों पर पहुंचने का उठाया सवाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में 111 सीटें जीतने वाले अखिलेश यादव अब दो सीटें जीतने वाली कांग्रेस के सामने भी अपनी बात मजबूती से नहीं रख पा रहे हैं।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश को अपने पिता मुलायम सिंह यादव पर लिखी किताब के प्रचार के लिए समय नहीं मिलता, लेकिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बुलावे पर वे तुरंत पहुंच जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुलायम सिंह यादव और शिवपाल यादव ने जिस समाजवादी पार्टी को खड़ा किया था, अखिलेश ने उसकी कमान संभालने के बाद उसे कमजोर कर दिया।

‘मुलायम की बात नहीं मानी, अब चाचा की आत्मकथा का डर’

राजभर ने शिवपाल यादव की संभावित आत्मकथा का जिक्र करते हुए अखिलेश पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर शिवपाल अपनी सियासी कहानी लिख देते हैं तो परिवार और पार्टी में अखिलेश की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो सकते हैं। इसी संदर्भ में उन्होंने अखिलेश की तुलना मुगल शासक औरंगजेब से करते हुए कहा कि सत्ता के लिए उसने अपने परिवार के बुजुर्गों और करीबियों को किनारे कर दिया था।

मंत्री ने 2017 के सपा-कांग्रेस गठबंधन की भी याद दिलाई। उनका कहना था कि उस समय भी अखिलेश ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बात नहीं मानी थी। राजभर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के साथ जाने के फैसले में अखिलेश एक बार फिर अपनी पार्टी की राजनीतिक स्थिति को कमजोर कर सकते हैं।

‘कांग्रेस के चक्कर में 111 से फिर 47 पर क्यों जाना चाहते हैं?’

राजभर ने अखिलेश यादव को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए सवाल किया कि 2022 में 111 सीटें जीतने के बाद वे कांग्रेस के साथ गठबंधन करके अपनी पार्टी को फिर 47 सीटों तक क्यों पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश को मजबूती से चुनाव लड़ना चाहिए, ताकि राजनीतिक मुकाबले में चुनौती बनी रहे।

सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर राजभर ने तंज भी कसा। उन्होंने दोनों दलों के तालमेल पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘भई गति सांप छछुंदर जैसी।’ इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश पर आरोप लगाया कि वे कांग्रेस के सामने अपनी राजनीतिक स्थिति और पार्टी के हितों को मजबूती से नहीं रख पा रहे हैं।

Related posts