गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 जुलाई को गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। साथ ही 54 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी उनके हाथों कराया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन बामंत माता मंदिर के निकट किया जाएगा।
मुख्यमंत्री जिन सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, उनमें सबसे अहम भटहट-बांसस्थान फोरलेन है। 11.6 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय स्थित है। फोरलेन बनने के बाद विश्वविद्यालय आने-जाने वाले विद्यार्थियों, मरीजों और आम लोगों की आवाजाही पहले की तुलना में अधिक सुगम हो गई है। लोक निर्माण विभाग के निर्माण खंड-3 ने सड़क के दोनों ओर मानकों के अनुरूप जल निकासी की व्यवस्था भी विकसित की है। लोकार्पण की सभी चार सड़क परियोजनाएं और शिलान्यास की सातों विकास योजनाएं पिपराइच विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी हैं।
तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, कार्यक्रम स्थल का हुआ निरीक्षण
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी और पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। आयुष विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री के स्वागत, जनसभा की व्यवस्था और कार्यक्रम संचालन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।
1350 वर्ग फुट का मंच, जर्मन हैंगर और स्विस कॉटेज की व्यवस्था
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए विशाल जर्मन हैंगर लगाए जा रहे हैं। लगभग 1350 वर्ग फुट का मंच तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर दो स्विस कॉटेज भी बनाए जा रहे हैं। स्विस कॉटेज तक पहुंचने के लिए अस्थायी खड़ंजा मार्ग तैयार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के बामंत माता मंदिर में दर्शन करने की भी संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष प्लान तैयार
मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। पूरे कार्यक्रम स्थल को अलग-अलग जोन और 12 सेक्टर में विभाजित किया जाएगा। हेलिपैड, वीआईपी रूट, कार्यक्रम स्थल, फ्लीट मूवमेंट, कंटीजेंसी रूट, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की अलग-अलग निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष पुलिस टीमें भी तैनात की जाएंगी।
बारिश को देखते हुए लगाया जाएगा वाटरप्रूफ पंडाल
मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया जा रहा है। हजारों लोगों के बैठने की क्षमता वाले इस पंडाल में बारिश के दौरान भी कार्यक्रम सुचारु रूप से आयोजित किए जाने की व्यवस्था की जा रही है।
