लखनऊ। समाजवादी पार्टी के छात्रविंग समाजवादी छात्रसभा की ड्रेस बदल गई है। अब छात्रसभा के पदाधिकारी नीली टीशर्ट और नीली जीन्स पहनने के साथ ही लाल टोपी लगाएंगे। वहीं टीशर्ट पर सपा का लोगो भी रहेगा। मंगलवार को इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सपा दो सप्ताह तक छात्र सप्ताह मनाएगी। इस दौरान छात्र सभा और संगठन के पदाधिकारी कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे और उन्हें समाजवादी पार्टी की विचारधारा व नीतियों से जोड़ने का काम करेंगे।
पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छात्र सभा के कार्यकर्ताओं की नई नीली टी-शर्ट लॉन्च करते हुए कहा कि नीला रंग अन्याय के खिलाफ लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि छात्र सभा के लोग युवाओं के बीच जाकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रेम, दया और अपनापन भी पीडीए है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बात बहुत पुरानी है, लेकिन समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय को जमीन पर उतारने की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों के साथ मिलकर रहने और नफरत फैलाने वालों के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि छात्र सप्ताह के दौरान युवाओं से जो सुझाव मिलेंगे, उन्हें पार्टी के मैनिफेस्टो में शामिल किया जाएगा।
वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को आगे बढ़ाएंगे
अखिलेश ने कहा कि सपा की PDA की भाषा नई इंडिया, प्रेम, दया और अपनापन है। पार्टी वासुधैव कुटुम्बकम की भावना के साथ आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कॉलेज और विश्वविद्यालयों में छात्र संघों के चुनाव से चुनकर आए छात्र नेताओं को आगे बढ़ाने और उनके लिए काम करने की जरूरत है।
बीजेपी के लोग रंग से डरते हैं पर चंदा चोरी कर लेते हैं
बीजेपी पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोग अक्सर रंगों से डरते हैं, लेकिन भगवान से नहीं डरते और चंदा चोरी कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि चंदा चोरी करने वाला ही सबसे बड़ा बहुरूपिया होगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सावधान रहने को कहा कि बीजेपी के लोग किसी भी रूप में सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी एआई के जरिए नकारात्मक माहौल बनाने और प्रचार करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी नकारात्मक कैंपेन चलाएगी तो सपा भी उसका जवाब देने के लिए तैयार रहेगी।
जहां जलभराव हुआ, वहां के विधायक हारेंगे
इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश में जलभराव और बुनियादी सुविधाओं को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जहां-जहां बीजेपी की सरकार और उसके विधायक हैं, वहां पानी भर रहा है। उन्होंने दावा किया कि लखनऊ में जिन इलाकों में जलभराव हुआ है, वहां के विधायक इस बार चुनाव हारेंगे। उन्होंने लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर के एक्सप्रेसवे तथा रामपथ की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी ने राम मंदिर को नहीं छोड़ा तो रामपथ को कैसे छोड़ देगी।
सरकार बनने पर एआई व तकनीक के क्षेत्र में काम करेगी सपा
उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर एआई और नई तकनीक के क्षेत्र में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में बेहतर इकोसिस्टम और इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार होगा, तभी एआई पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सकेगा। उन्होंने अपने कार्यकाल में हजरतगंज में वाई-फाई और मुफ्त इंटरनेट की सुविधा शुरू किए जाने का भी जिक्र किया और कहा कि सपा सरकार आने पर ऐसी सुविधाएं फिर शुरू की जाएंगी। उन्होंने बीजेपी से बुनियादी मुद्दों पर चुनाव लड़ने की अपील करते हुए कहा कि यदि विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक कैंपेन चलाया जाएगा तो सपा भी उसका जवाब देने के लिए तैयार रहेगी।
