बांकीपुर उपचुनाव से पहले नीतीश कुमार की वोटरों से भावुक अपील, NDA उम्मीदवार के समर्थन में जारी किया VIDEO संदेश

पटना: बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मतदान से पहले जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो संदेश जारी कर मतदाताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास की रफ्तार बनाए रखने के लिए हर वोट महत्वपूर्ण है।

विकसित बिहार के लिए वोट देने की अपील

अपने वीडियो संदेश में नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों में जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से उनकी सरकार ने पूरी ईमानदारी के साथ न्याय के साथ सुशासन और विकास के लिए लगातार काम किया है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को अपना समर्थन और आशीर्वाद देकर भारी मतों से विजयी बनाएं।

उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने और विकास की गति को बनाए रखने के लिए जनता का हर वोट बेहद अहम है।

बीजेपी ने भी नीरज सिन्हा के लिए मांगा समर्थन

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी मतदाताओं से एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने नीरज सिन्हा को पार्टी का समर्पित और जमीनी कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि उन्होंने बूथ अध्यक्ष से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की, मंडल अध्यक्ष के रूप में काम किया और अब एनडीए के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि 30 जुलाई को होने वाले मतदान में एनडीए समर्थक बड़ी संख्या में मतदान करेंगे और नीरज कुमार सिन्हा की जीत नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे

बांकीपुर विधानसभा सीट पूर्व विधायक नितिन नवीन के लोकसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई थी। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

उपचुनाव पर पूरे प्रदेश की नजर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव से पहले शहरी क्षेत्रों में राजनीतिक दलों की ताकत की परीक्षा माना जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग ने 2 जुलाई को बिहार के बांकीपुर, मध्य प्रदेश के दतिया और गुजरात के मंजलपुर विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की घोषणा की थी। तीनों सीटों पर 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी।

 

Related posts