सीवान: नीट पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद के दौरान सीवान में हुए उग्र प्रदर्शन के बीच AK-47 से हवाई फायरिंग करने वाले एसआईटी के जवान अभिषेक पटेल को निलंबित कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए जवान को सस्पेंड कर दिया। विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्रदर्शन के दौरान बिगड़े थे हालात
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी सीवान के गांधी मैदान में एकत्र हुए थे। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने शहर के कई इलाकों में हंगामा किया, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी और गांधी मैदान तथा जेपी चौक के पास पुलिस पर पथराव किया। इस घटना में सीवान के पुलिस अधीक्षक पुराण कुमार झा घायल हो गए। उनके पैर में चोट आई, जबकि कई पुलिसकर्मी और ड्यूटी पर मौजूद पत्रकार भी पथराव में घायल हुए।
VIDEO वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ के नहीं मानने पर लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़कर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर किया गया। इसी दौरान एक वीडियो सामने आया, जिसमें एक जवान AK-47 से हवाई फायरिंग करता दिखाई दिया। वीडियो वायरल होने के बाद इस कार्रवाई पर सवाल उठे और विभागीय स्तर पर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में अभिषेक पटेल की हुई पहचान
प्रारंभिक जांच में फायरिंग करने वाले जवान की पहचान एसआईटी टीम में तैनात अभिषेक पटेल के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस मुख्यालय ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है।
अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी होगी जांच के दायरे में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान यदि किसी अन्य पुलिसकर्मी की भूमिका भी सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और विभागीय स्तर पर सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
