यूपी में 2027 का रण जीतने की तैयारी! BJP कोर ग्रुप की बैठक में चुनावी रणनीति से लेकर युवाओं-महिलाओं तक पर हुआ मंथन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार शाम पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बीजेपी कोर ग्रुप की अहम बैठक हुई। दो घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ संगठन और सरकार से जुड़े आगामी अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और आने वाले महीनों में संगठन की दिशा को लेकर मंथन हुआ।

बैठक में बीएल संतोष से लेकर दोनों डिप्टी सीएम तक रहे मौजूद

बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक शामिल हुए।

बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बताया कि नेताओं के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आने वाले महीनों में पार्टी की कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

17 सितंबर से सेवा संकल्प और सुशासन अभियान

पंकज चौधरी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ और ‘सुशासन’ अभियान शुरू किए जाएंगे। बैठक में इन अभियानों की तैयारियों और उन्हें जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, सह प्रभारी जगदीश पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ संगठन से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जल्द बुलाने पर भी चर्चा

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाले अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है। ऐसे में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक जल्द बुलाने को लेकर भी विचार किया गया। आने वाले महीनों में संगठन को किस दिशा में आगे बढ़ना है और 2027 के चुनाव की तैयारियों को किस तरह गति देनी है, इस पर भी मंथन हुआ।

महिलाओं और युवाओं तक सरकारी योजनाओं की पहुंच पर जोर

पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। महिलाओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

खास तौर पर जेन जी यानी युवा पीढ़ी के लिए पार्टी और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को लेकर भी बैठक में विचार-विमर्श किया गया। पार्टी की कोशिश आने वाले समय में इन वर्गों के बीच अपनी पहुंच और मजबूत करने की है।

बीएल संतोष और विनोद तावड़े की मौजूदगी से बढ़ी अहमियत

बीएल संतोष की लखनऊ में मौजूदगी के कारण भी कोर ग्रुप की इस बैठक को अहम माना जा रहा है। वहीं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार लखनऊ पहुंचे। बैठक से पहले शुक्रवार दोपहर से ही बीजेपी मुख्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की आवाजाही बढ़ गई थी।

अखिलेश यादव के दावे पर पंकज चौधरी का तंज

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार दावा कर रहे हैं कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनेगी। इस दावे पर पंकज चौधरी ने तंज कसते हुए कहा कि वह ‘मुंगेरी लाल’ को सुंदर सपने देखने से नहीं रोक सकते।

बीजेपी ने संगठन और कार्यकर्ताओं को बताया सबसे बड़ी ताकत

इससे पहले बीजेपी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के आधार पर चलती है। उन्होंने कहा कि संगठन में हर व्यक्ति को महत्व दिया जाएगा और बैठक में सभी मुद्दों पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि बीजेपी केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि लगातार जनता की सेवा के लिए काम करती है। वरिष्ठ नेताओं के प्रदेश दौरे के दौरान इस तरह की बैठकें होती रहती हैं और इनसे आगामी चुनाव के लिए संगठन तथा कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलती है।

सपा-कांग्रेस पर भी बीजेपी ने साधा निशाना

दिनेश प्रताप सिंह ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने दोनों दलों को ‘विक्रम और बेताल’ की जोड़ी बताते हुए कहा कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी के कंधे पर सवार होकर भी अमेठी और रायबरेली तक नहीं जीत सकती।

उन्होंने सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके शासनकाल में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार हुए। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि विपक्षी दलों का काम अब प्रेस कॉन्फ्रेंस करने, सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने और राजनीतिक ड्रामा करने तक सीमित रह गया है।

 

Related posts