12 राज्यों तक पहुंचा मानसून, यूपी-एमपी में झमाझम बारिश तो राजस्थान में ओलावृष्टि; दिल्ली-NCR के लिए हीटवेव की चेतावनी

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ते हुए अब 12 राज्यों तक पहुंच चुका है। एक तरफ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार मानसून ने अब तक केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, असम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा को कवर कर लिया है। आने वाले दिनों में इसके उत्तर और पश्चिम भारत के कई अन्य राज्यों में पहुंचने की संभावना है।

यूपी-एमपी में बारिश, राजस्थान में गिरे ओले

मानसून की सक्रियता के बीच उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मध्य प्रदेश के इंदौर में तेज आंधी चली, जबकि राजस्थान के श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। मौसम में आए इस बदलाव से कई क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

वहीं राजधानी दिल्ली में हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के दौरान एयर इंडिया के तीन नैरो बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें परिचालन से बाहर करना पड़ा।

दिल्ली-NCR में फिर बढ़ेगी गर्मी

बारिश और आंधी के बावजूद दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अभी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार से राजधानी के मौसम में फिर बदलाव आएगा और तापमान तेजी से बढ़ सकता है।

अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में हीटवेव जैसी स्थिति बन सकती है।

इन राज्यों में जल्द पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक 8 जून से 5 जुलाई के बीच मानसून के मेघालय, तेलंगाना, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और राजस्थान में पहुंचने की संभावना है।

मानसून की प्रगति सामान्य बनी हुई है और आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

पांच राज्यों में लू का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने राजस्थान समेत पांच राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। 7 से 11 जून के दौरान पश्चिमी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ लू चलने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली में रविवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं राजस्थान का श्रीगंगानगर 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड किया गया।

अगले दो दिनों में कहां होगी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार 9 जून को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश की संभावना है। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

10 जून को दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ वर्षा हो सकती है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

 

Related posts