लखनऊ: मॉल कर्मी युवती से सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। निगोहां क्षेत्र में चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की घेराबंदी से बचने की कोशिश में आरोपी ने फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद आरोपी मौके पर ही पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा और जान की गुहार करने लगा।
चेकिंग के दौरान पुलिस से हुआ आमना-सामना
पुलिस और सर्विलांस टीम संयुक्त रूप से निगोहां थाना क्षेत्र के रामादेई खेड़ा मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी की गतिविधियों की जानकारी मिली। बताया गया कि उपदेश लोधी ऑटो से भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को देखकर उसने बच निकलने का प्रयास किया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से ऑटो पलट गया।
घिरते ही पुलिस टीम पर झोंकी गोलियां
पुलिस के अनुसार, खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने अवैध हथियार निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत गोली चलाई, जो आरोपी के बाएं पैर में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस से रहम की अपील करने लगा।
मॉल से लौट रही युवती को बनाया था शिकार
मामला 31 मई की शाम का है। 19 वर्षीय युवती मॉल में ड्यूटी खत्म करने के बाद घर लौट रही थी। वह तेलीबाग चौराहे से आरोपी के ऑटो में सवार हुई थी। रास्ते में अन्य सवारियों के उतरने के बाद आरोपी और उसके साथी ने ऑटो को गौतमखेड़ा के सुनसान इलाके की ओर मोड़ दिया। आरोप है कि वहां युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
कार की रोशनी देखकर भागे आरोपी
घटना के दौरान सामने से एक कार आती दिखाई दी, जिसकी हेडलाइट देखकर आरोपी घबरा गए। इसके बाद दोनों युवती को वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने कार सवार से मदद मांगी और बाद में 1 जून को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पहले भी दर्ज है गंभीर आपराधिक मामला
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी उपदेश लोधी उर्फ गहना निगोहां क्षेत्र के रंजीत खेड़ा गांव का निवासी है। उसके खिलाफ पहले भी हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
ऑटो, तमंचा और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। मामले में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
