लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। इसे तहत पार्टी की ओर से जिलेवार घोषणापत्र जारी करके चुनावी वादे किए जाएंगे। यह वादा भी किया जाएगा कि समाजवादी सरकार बनने पर इन सभी घोषणाओं को पूरा किया जाएगा। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मथुरा-वृंदावन, हाथरस और आगरा जिलों के लिए स्थानीय घोषणापत्र जारी किए जाने की घोषणा की है।
अखिलेश यादव ने एक्स पर अपने विचार साझा करते हुए कहा है कि लोकल मैनिफेस्टो एक सार्थक पहल है, जो पूरे प्रदेश के लिए आदर्श मॉडल बनेगी। जब जहां जैसी आवश्यकता होगी, इसी तरह के लोकल मैनिफेस्टो बनाकर स्थानीय महत्व के मुद्दों सड़क, फ्लाई ओवर, बिजली, पानी, जलभराव, ट्रैफिक जाम, पक्की गलियों व अन्य ढांचागत विकास के लिए योजना बनाई जाएगी। सरकार बनने पर उन्हें पूरा किया जाएगा।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि समाजवादी पार्टी के स्थान विशेष के लोकल मैनिफेस्टो (घोषणापत्र) जारी करना का फैसला समय की मांग है। इन स्थानों पर वर्चस्ववादियों ने उत्पीड़नकारी सामाजिक भेदभाव की निंदनीय परिस्थितियां पैदा की हैं। इन स्थानों पर जान बूझकर आर्थिक गतिविधियां बंद की जा रहीं हैं और रोजगार व आय साधन घट रहे हैं। इतना ही नहीं वहां संरचनात्मक सुधारों की मांग की अनदेखी की जा रही है।
भाजपा सत्ता से हटेगी तभी पीडीए को आरक्षण व सम्मान मिलेगा: अखिलेश
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार हटेगी तभी जनता को न्याय मिलेगा। नौजवानों को नौकरी रोजगार मिलेगी। पीडीए को तभी आरक्षण और सम्मान मिलेगा। तभी किसान को खाद-बीज और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। अखिलेश ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में आर्थिक और सामाजिक असमानता बढ़ती जा रही है।
यह भी पढ़ें : ग्रीन फायर वर्क्स शो से जगमगाएगा दीपोत्सव-25, 26 लाख से अधिक दीपों से रौशन होगी अयोध्या
गरीबी- अमीरी के बीच खाई गहरी हो गई है, जिसके कारण लोगों में भाजपा सरकार से नाराजगी है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर पीडीए की उपेक्षा हुई है। पीडीए को हिस्सेदारी नहीं मिली। चुनाव में पीडीए भाजपा की सत्ता को उखाड़ फेंकेगा। लोकतंत्र में सरकारों को सभी का सम्मान करना चाहिए सभी को अवसर देना चाहिए। किसी की उपेक्षा और अपमान नहीं होना चाहिए। सबके साथ न्याय होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में पीडीए का लगातार अपमान और उपेक्षा हो रही है। पीडीए एकजुट हो रहा है। इसकी संख्या लगातार बढ़ रही है। समाजवादी पार्टी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराया है। लोकतंत्र में इसी वोट से भाजपा सरकार को हटाना है।
