लखनऊ। कासगंज के चर्चित चंदन गुप्ता हत्याकांड में आजीवन कारावास की सजा काट रहा सलीम की बुधवार देर रात इलाज के दौरान निधन हो गया। 48 वर्षीय सलीम पुत्र बरकतउल्ला को किडनी की गंभीर बीमारी थी। तबीयत बिगड़ने पर उसे 30 जुलाई को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से 16 अगस्त को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) लखनऊ रेफर किया गया। एक महीने से उसका इलाज चल रहा था, लेकिन 26 अगस्त की रात उसकी स्थिति बिगड़ने पर मौत हो गई। गौरतलब है कि 26 जनवरी 2018 को तिरंगा यात्रा के दौरान कासगंज में हुई हिंसा व पथराव में चंदन गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। इसी मामले में मुख्य आरोपी सलीम को अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। जेल प्रशासन ने सलीम की मौत की सूचना संबंधित अधिकारियों व परिजनों को दे दी है।
26 जनवरी 2018 को निकाली गई थी तिरंगा यात्रा
बता दें कि 26 जनवरी 2018 को कासगंज शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। इस यात्रा का नेतृत्व अभिषेक गुप्ता उर्फ चंदन गुप्ता के हाथों में था। उसी दौरान दो समुदायों के बीच विवाद हो गया था। इसके बाद दंगा भडक गया था। इसी दौरान चंदन गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी। हत्याकांड के बाद चंदन गुप्ता का अंतिम संस्कार भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया था। इसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे।
घटना के बाद सात दिनों तक शहर आग से सुलगा
इस घटना के बाद सात दिनों तक शहर आग से सुलगता रहा था। इस मामले में लखनऊ स्पेशल एएनआई कोर्ट ने फैसला सुनाया था। मामले में सबूतों के अभाव में दो आरोपियों को बरी कर दिया गया था। वहीं मामले में 28 आरोपियों को दोषी ठहराया गया था। सभी आरोपी लखनऊ जेल में सजा काट रहे हैं। चंदन हत्याकांड के मुख्य आरोपी सलीम की मौत के बाद एक बार फिर ये मामला चर्चा में आ गया है।
यह भी पढ़ें : ट्रम्प टैरिफ के चलते कपड़ा निर्माताओं ने नोएडा, सूरत में उत्पादन रोका