लखनऊ में 2092 प्लॉट खरीदने का मौका! 23 नवंबर से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन, सीएम योगी और राजनाथ सिंह करेंगे शुभारंभ

लखनऊ: राजधानी में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद और लखनऊ विकास प्राधिकरण की दो नई आवासीय योजनाओं का पंजीकरण जल्द शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 23 नवंबर को इन योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इनमें नई जेल रोड की सौमित्र विहार योजना और सुलतानपुर रोड की आईटी सिटी योजना शामिल हैं।

इन दोनों योजनाओं के शुरू होने के साथ ही पिछले दो महीने के भीतर लखनऊ में चार आवासीय योजनाओं के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इनमें से दो योजनाएं पहले ही लॉन्च हो चुकी हैं, जबकि दो योजनाओं का शुभारंभ इसी महीने प्रस्तावित है।

सौमित्र विहार में 2092 आवासीय प्लॉटों के लिए खुलेगा पंजीकरण

उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद की नई जेल रोड स्थित सौमित्र विहार योजना मोहनलालगंज क्षेत्र में विकसित की जा रही है। इस योजना को लैंड पूलिंग व्यवस्था के तहत तैयार किया जा रहा है। जमीन देने वाले किसानों को विकसित भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। अब योजना के पहले चरण में आम लोगों के लिए प्लॉटों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा।

योजना में कुल 2261 भूखंड रखे गए हैं। इनमें 2092 आवासीय और 169 व्यावसायिक प्लॉट शामिल हैं। इस तरह घर बनाने के इच्छुक लोगों के साथ कारोबार के लिए जमीन तलाश रहे लोगों को भी अवसर मिलेगा।

आईटी सिटी योजना में किसानों को सौंपे जाएंगे आवंटन पत्र

लखनऊ विकास प्राधिकरण की सुलतानपुर रोड स्थित आईटी सिटी आवासीय योजना भी 23 नवंबर को लॉन्च की जाएगी। यह योजना किसान पथ से जुड़ी हुई है और सोनई कंजेहरा, पहाड़नगर टिकरिया, परेहटा, सिकंदरपुर अमोलिया और रकीबाबाद समेत 11 गांवों की सीमा तक फैली है।

इस योजना का विकास भी लैंड पूलिंग व्यवस्था के तहत किया जा रहा है। इसके लिए जमीन देने वाले किसानों को विकसित भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्हें आवंटन पत्र सौंपे जाएंगे।

फैजुल्लागंज में बाढ़ से बचाव के लिए बनेगा बंधा

23 नवंबर को आवासीय योजनाओं के शुभारंभ के साथ फैजुल्लागंज क्षेत्र में बाढ़ से बचाव की परियोजनाओं का भी भूमि पूजन और शिलान्यास किया जाएगा। गोमती नदी के बाढ़ के पानी से इलाके को बचाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से बंधा बनाया जाएगा।

इसके अलावा 148 करोड़ रुपये की लागत से पांच पंपिंग स्टेशन बनाने की परियोजना का भी भूमि पूजन होगा। एलडीए का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से फैजुल्लागंज और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव तथा बाढ़ की समस्या से राहत मिलेगी।

ग्रीन कॉरिडोर पर बने आरओबी का भी होगा उद्घाटन

कार्यक्रम के दौरान डालीगंज में ग्रीन कॉरिडोर पर बनाए गए रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के मुताबिक, आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

Related posts