लखनऊ: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी में तैयारियां तेज हो गई हैं। चार दिवसीय इस पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इसका मुख्य आयोजन 15 और 16 नवंबर को लक्ष्मण मेला स्थल स्थित छठ घाट पर किया जाएगा। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी समेत 100 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से छठी मैया का गुणगान करेंगे।
छठ पर्व के दौरान व्रती महिलाएं भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगी। इस दौरान घाटों पर छठ गीतों और पारंपरिक अनुष्ठानों का माहौल देखने को मिलेगा।
15 नवंबर को सीएम योगी देंगे पहला अर्घ्य
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के मुताबिक, लक्ष्मण मेला घाट पर साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया गया है। आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां 14 नवंबर तक पूरी कर ली जाएंगी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सूर्य देव को पहला अर्घ्य देंगे। आयोजन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नगर विकास मंत्री एके शर्मा और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी शामिल होंगे।
इसके अलावा लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी की भी कार्यक्रम में मौजूदगी रहेगी।
झूलेलाल घाट से कुड़ियाघाट तक होगी छठ पूजा
लक्ष्मण मेला स्थल के अलावा राजधानी के कई अन्य घाटों पर भी छठ महापर्व मनाया जाएगा। झूलेलाल वाटिका घाट, मनकामेश्वर उपवन घाट, कुड़ियाघाट, पक्का पुल और शिव मंदिर घाट समेत गोमती नदी के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी।
महानगर स्थित पीएसी की 35वीं वाहिनी परिसर में बने तालाब पर भी छठ पूजा का आयोजन होगा। शिव मंदिर घाट पर पूजा के संयोजक धनंजय द्विवेदी ने बताया कि आयोजन के दौरान महिलाओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि उन्हें पूजा और व्रत संबंधी अनुष्ठानों में कोई परेशानी न हो।
छठ घाट पर पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
छठ महापर्व की तैयारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण की पहल भी की गई है। शुक्रवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण और अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से लक्ष्मण मेला स्थित छठ घाट पर पौधारोपण किया गया।
इस पहल का उद्देश्य घाट परिसर को हरा-भरा बनाने के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इस तरह छठ महापर्व के आयोजन के साथ स्वच्छता और हरियाली का संदेश भी दिया जाएगा।
