दिल्ली में IPL मैच देखकर लौट रहे दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, खजूरी खास फ्लाईओवर के पास तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

दिल्ली में IPL मैच देखकर घर लौट रहे दो दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास फ्लाईओवर के पास देर रात हुआ। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी फ्लाईओवर से नीचे उतरते समय तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान हेमंत तिवारी और रोहित उर्फ सोनू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कार चालक हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

कुछ दिन पहले भी IPL मैच से लौटते वक्त गई थी दो भाइयों की जान

दिल्ली में इससे पहले भी IPL मैच देखकर लौट रहे युवकों की सड़क हादसे में मौत का मामला सामने आया था। 28 अप्रैल को अशोक रोड पर हुए एक हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई थी। दोनों मैच देखकर घर लौट रहे थे।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे छोटा भाई अभव अपने पिता से फोन पर बात कर रहा था। उसने कहा था कि वे करीब आधे घंटे में घर पहुंच जाएंगे, लेकिन इसी दौरान हादसा हो गया और दोनों भाइयों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला हिट एंड रन का प्रतीत हुआ था।

हादसे के बाद दोनों भाई सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़े मिले थे। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

फॉरेंसिक जांच और CCTV फुटेज से खुला था मामला

मृतकों की पहचान 20 वर्षीय यज्ञ भाटिया और उसके 14 वर्षीय छोटे भाई अभव भाटिया के रूप में हुई थी। यज्ञ बीएससी का छात्र था, जबकि अभव स्कूल में पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए जिला अपराध टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया था। दोनों शवों को आरएमएल अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली थी। जांच के दौरान हादसे को अंजाम देने वाले ट्रक की पहचान कर ली गई थी। बाद में फरार ट्रक चालक को बिहार से गिरफ्तार किया गया।

Related posts