TRE-4 नोटिफिकेशन में देरी पर पटना में फूटा अभ्यर्थियों का गुस्सा, मुख्यमंत्री आवास मार्च के दौरान पुलिस ने किया लाठीचार्ज

बिहार लोक सेवा आयोग की शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थी पटना कॉलेज से सड़कों पर उतरे और सरकार तथा बीपीएससी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे थे अभ्यर्थी

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकालना चाहते थे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। हालांकि, प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने बैरिकेड हटाने और आगे बढ़ने की कोशिश की। स्थिति नियंत्रण से बाहर जाती देख पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से TRE-4 भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है। उनका आरोप है कि लगातार हो रही देरी के कारण हजारों उम्मीदवारों की उम्र सीमा समाप्त होने की कगार पर पहुंच गई है। इसी वजह से छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

शिक्षा मंत्री बोले- संवाद से निकलेगा समाधान

शिक्षक भर्ती TRE-4 को लेकर हो रहे प्रदर्शन पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “हम विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठकर समीक्षा करेंगे और छात्रों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेंगे। छात्रों तक यह संदेश पहुंचाइए कि हर बात में आंदोलन का रास्ता न अपनाएं। संवाद के जरिए हर विवाद का समाधान निकाला जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि सरकार छात्रों की है और उनकी हर समस्या का समाधान किया जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि मामले को टालने के बजाय तत्काल समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

सोशल मीडिया पर भी चला था अभियान

इससे पहले अभ्यर्थियों ने सोशल मीडिया पर #Release_TRE4_Notification अभियान चलाकर अपनी मांग सरकार और बीपीएससी तक पहुंचाने की कोशिश की थी। अभ्यर्थियों का कहना है कि शिक्षा विभाग ने पहले आश्वासन दिया था कि TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन 19-20 अप्रैल तक जारी कर दिया जाएगा और 26 अप्रैल से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

हालांकि तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद अब तक भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया, जिससे अभ्यर्थियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।

करीब 47 हजार पदों पर होनी है भर्ती

जानकारी के मुताबिक, TRE-4 के तहत इस बार 46 हजार 882 पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है। लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से इस भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों का आरोप है that BPSC कैलेंडर के अनुसार TRE-4 परीक्षा 24 अगस्त 2024 को प्रस्तावित थी और इसका रिजल्ट 24 सितंबर 2024 तक जारी किया जाना था, लेकिन अब तक भर्ती का विज्ञापन भी जारी नहीं किया गया है। बीपीएससी ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में नोटिस जारी कर कहा था कि अधियाचना प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही विज्ञापन जारी किया जाएगा, लेकिन अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।

Related posts