लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश में हाल ही में आए आंधी-तूफान से हुई तबाही और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत, आर्थिक सहायता और रोजगार की व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी पर भी चिंता जताई है।
मायावती ने कहा कि प्रदेश में आंधी-तूफान के कारण 111 लोगों की मौत हुई है, 72 लोग घायल हुए हैं और 242 से ज्यादा मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ मकान निर्माण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि लोग दोबारा सामान्य जिंदगी शुरू कर सकें।
‘राहत कार्यों में तेजी लाना सरकार की जिम्मेदारी’
बसपा प्रमुख ने कहा कि सरकार को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लानी चाहिए और प्रभावित इलाकों में संवेदनशीलता के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित गरीब और कमजोर परिवारों तक तत्काल मदद पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ईंधन कीमतों में बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार को घेरा
मायावती ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर 3 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतें बढ़ने से परिवहन, खेती और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे, जिससे महंगाई और तेज हो सकती है।
‘किसानों की लागत बढ़ेगी, घरेलू बजट बिगड़ेगा’
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पेट्रोल-डीजल महंगा होने से खेती-किसानी की लागत बढ़ जाएगी। खाद, बीज, सिंचाई और फसल को मंडियों तक पहुंचाने का खर्च ज्यादा होगा, जिससे किसानों की आय प्रभावित होगी। वहीं मध्यम वर्गीय परिवारों के घरेलू बजट पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा।
उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर नियंत्रण लगाने और महंगाई कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
पेट्रोल-डीजल और सीएनजी के दाम में बढ़ोतरी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बाद सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार साल बाद बढ़ोतरी की है। शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया, जबकि सीएनजी की कीमत में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
लखनऊ में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 97.55 रुपये प्रति लीटर और डीजल 90.82 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। वहीं सीएनजी की कीमत 98 रुपये प्रति किलो हो गई है। अयोध्या, उन्नाव और सुल्तानपुर में भी सीएनजी के दाम बढ़े हैं।
