नई दिल्ली: खगोलीय घटनाओं में रुचि रखने वालों के लिए 12 अगस्त 2026 बेहद खास रहने वाला है। इस दिन दुर्लभ पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा, जिसके दौरान कुछ क्षेत्रों में दिन के समय कुछ मिनटों के लिए अंधेरा छा जाएगा। हालांकि यह खगोलीय घटना भारत में दिखाई नहीं देगी, लेकिन दुनिया के कई देशों में इसका अद्भुत नजारा देखा जा सकेगा। इच्छुक लोग इसे ऑनलाइन लाइव भी देख सकेंगे।
किन देशों में दिखाई देगा पूर्ण सूर्य ग्रहण
वैज्ञानिकों के अनुसार 12 अगस्त का पूर्ण सूर्य ग्रहण रूस के उत्तरी हिस्से, ग्रीनलैंड, पश्चिमी आइसलैंड, उत्तरी और पूर्वी स्पेन तथा पुर्तगाल के कुछ क्षेत्रों से दिखाई देगा। वहीं कनाडा के अधिकांश हिस्सों और उत्तरी अमेरिका के कुछ इलाकों में यह आंशिक सूर्य ग्रहण के रूप में नजर आएगा। इसके अलावा यूरोप के अधिकांश देशों और उत्तर-पश्चिमी अफ्रीका के कुछ क्षेत्रों में भी आंशिक ग्रहण देखा जा सकेगा।
भारतीय समय के अनुसार कब लगेगा सूर्य ग्रहण
भारतीय समयानुसार यह सूर्य ग्रहण 12 अगस्त 2026 को रात 9 बजकर 4 मिनट पर शुरू होगा और 13 अगस्त की सुबह 4 बजकर 25 मिनट पर समाप्त होगा। ग्रहण का चरम समय रात 11 बजकर 17 मिनट के आसपास रहेगा। जिन देशों में यह दिखाई देगा, वहां स्थानीय समय के अनुसार ग्रहण की अवधि अलग-अलग होगी।
क्या भारत में दिखाई देगा सूर्य ग्रहण
12 अगस्त का पूर्ण सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। ग्रहण के समय भारत में रात होगी और सूर्य क्षितिज के नीचे रहेगा। इसी कारण देश में इस ग्रहण का दृश्य दिखाई नहीं देगा। ग्रहण के भारत में दृश्य न होने की वजह से इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा।
ऑनलाइन कैसे देख सकते हैं ग्रहण
जो लोग इस दुर्लभ खगोलीय घटना को देखना चाहते हैं, वे इसे ऑनलाइन लाइव देख सकते हैं। ग्रहण का सीधा प्रसारण नासा प्लस पर किया जाएगा। प्रसारण के दौरान वैज्ञानिक ग्रहण से जुड़ी जानकारी और इसकी विशेषताओं पर भी चर्चा करेंगे।
करीब दो मिनट तक पूरी तरह ढक जाएगा सूर्य
पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान चंद्रमा लगभग 2 मिनट 19 सेकंड के लिए सूर्य को पूरी तरह ढक लेगा। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में दिन के समय अंधेरा जैसा वातावरण बन जाएगा और तापमान में भी गिरावट महसूस की जा सकती है। स्पेन में वर्ष 1999 के बाद पहली बार पूर्ण सूर्य ग्रहण का दृश्य दिखाई देगा।
ग्रहण देखने के लिए बरतें जरूरी सावधानी
वैज्ञानिकों के अनुसार सूर्य ग्रहण को कभी भी सीधे आंखों से नहीं देखना चाहिए, क्योंकि इससे आंखों को स्थायी नुकसान पहुंच सकता है। ग्रहण देखने के लिए केवल प्रमाणित सोलर व्यूइंग ग्लास या सोलर फिल्टर का ही उपयोग करना चाहिए। यदि दूरबीन या टेलीस्कोप से ग्रहण देखना हो, तो उनके साथ भी विशेष सोलर फिल्टर का इस्तेमाल आवश्यक है।
