Iran War: ईरान से जंग में अमेरिका को भारी नुकसान! 42 विमान तबाह या क्षतिग्रस्त होने का दावा, रिपोर्ट ने बढ़ाई हलचल

वॉशिंगटन: मिडिल ईस्ट में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच हुई भीषण सैन्य टकराव के बाद भले ही फिलहाल सीजफायर लागू हो, लेकिन क्षेत्र में तनाव अभी भी चरम पर बना हुआ है। इसी बीच एक ऐसी रिपोर्ट सामने आई है जिसने अमेरिकी सैन्य ताकत को लेकर नई बहस छेड़ दी है। दावा किया गया है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के दौरान अमेरिका को अपने 42 विमानों का नुकसान उठाना पड़ा।

रिपोर्ट के मुताबिक, इन विमानों में लड़ाकू जेट, ड्रोन, ईंधन भरने वाले एयरक्राफ्ट और विशेष अभियान हेलीकॉप्टर तक शामिल हैं। इतने बड़े पैमाने पर विमान क्षतिग्रस्त या नष्ट होना अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिहाज से बड़ा झटका माना जा रहा है।

ऑपरेशन ‘एपिक फ्यूरी’ के दौरान हुआ नुकसान

जानकारी के अनुसार, अमेरिका ने इसी साल 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ शुरू किया था। इस सैन्य अभियान के तहत ईरान के कई रणनीतिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर अयोतुल्लाह खामेनेई समेत कई बड़े सैन्य अधिकारी और नेता मारे गए।

अमेरिकी कांग्रेस रिसर्च सर्विस (CRS) की रिपोर्ट में कहा गया है कि इस ऑपरेशन के दौरान अमेरिका के कम से कम 42 विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए। यह आंकड़ा अमेरिकी रक्षा विभाग और सेंटकॉम की रिपोर्ट्स और आधिकारिक बयानों के आधार पर तैयार किया गया है।

किन विमानों को हुआ नुकसान?

सीआरएस की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान जिन विमानों को नुकसान पहुंचा उनमें कई अत्याधुनिक लड़ाकू और निगरानी विमान शामिल हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि 4 F-15E स्ट्राइक ईगल लड़ाकू विमान, 1 F-35A लाइटनिंग-II फाइटर जेट और 1 A-10 थंडरबोल्ट-II ग्राउंड अटैक एयरक्राफ्ट प्रभावित हुए।

इसके अलावा 7 KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान, 1 E-3 सेंट्री AWACS विमान, 2 MC-130J कमांडो-II विशेष अभियान विमान और 1 HH-60W जॉली ग्रीन-II हेलीकॉप्टर को भी नुकसान पहुंचा।

ड्रोन बेड़े को भी बड़ा झटका लगा है। रिपोर्ट में 24 MQ-9 रीपर ड्रोन और 1 MQ-4C ट्राइटन ड्रोन के नष्ट या क्षतिग्रस्त होने का जिक्र किया गया है।

आंकड़े अभी और बढ़ सकते हैं

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि युद्ध गतिविधियों, पहचान प्रक्रिया और वर्गीकृत सूचनाओं के चलते इन आंकड़ों में आगे बदलाव संभव है। यानी आने वाले समय में नुकसान का वास्तविक आंकड़ा और बढ़ सकता है।

जंग में अमेरिका ने खर्च किए 29 अरब डॉलर

इससे पहले सामने आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान में अमेरिका करीब 29 अरब डॉलर खर्च कर चुका है। ऐसे में अब विमान क्षति की रिपोर्ट सामने आने के बाद इस युद्ध की आर्थिक और सैन्य कीमत को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को चेतावनी दे रहे हैं। वहीं, इस रिपोर्ट के बाद दुनिया भर की निगाहें एक बार फिर अमेरिका-ईरान संबंधों पर टिक गई हैं।

Related posts