मिडिल ईस्ट संकट का असर: दिल्ली एयरपोर्ट से 80 इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द, हजारों यात्रियों की यात्रा प्रभावित

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत की हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार सुबह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा से कुल 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक रद्द उड़ानों में 36 डिपार्चर और 44 अराइवल शामिल हैं।

इस बीच दुबई के लिए रवाना हुई Emirates की फ्लाइट EK513 को मध्य पूर्व में वायु क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण वापस दिल्ली लौटना पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार यह निर्णय सुरक्षा कारणों से लिया गया। हालांकि दुबई से आने वाली EK512 उड़ान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गई।

एयरपोर्ट संचालक Delhi International Airport Limited (DIAL) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के चलते पश्चिम दिशा की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी और शेड्यूल में बदलाव देखा जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें।

दिल्ली एयरपोर्ट रोजाना 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन संभालता है। लेकिन पिछले तीन दिनों में मध्य पूर्व संकट के चलते भारतीय एयरलाइंस को कुल 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। इससे वैश्विक यात्रा नेटवर्क पर व्यापक असर पड़ा है और यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मंगलवार को जारी एडवाइजरी में दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा कि मिडिल ईस्ट में बदलते जियोपॉलिटिकल हालात के मद्देनजर पश्चिम की ओर जाने वाली कुछ इंटरनेशनल फ्लाइट्स में देरी या ऑपरेशनल बदलाव संभव है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी-अपनी एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए ताजा अपडेट लेते रहें और आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक रूट या कनेक्शन पर विचार करें। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक अन्य सभी उड़ानें फिलहाल निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित हो रही हैं।

Related posts