‘बंगाल का रिजल्ट आते ही 4 घंटे बेहोश बैठे रहे अखिलेश’, ओपी राजभर का तीखा हमला; TMC से लेकर RJD तक को बताया ‘दगा कारतूस’

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजभर ने सपा, तृणमूल कांग्रेस और आरजेडी समेत कई विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद अखिलेश यादव “चार घंटे तक बेहोश बैठे रहे”। उन्होंने दावा किया कि अब विपक्षी दलों को समझ आ गया है कि सत्ता में वापसी आसान नहीं है।

‘ममता और अखिलेश संविधान नहीं मानते’

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओपी राजभर ने कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी संविधान को नहीं मानतीं और अखिलेश यादव भी उसी रास्ते पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि अखिलेश अब कोलकाता जा रहे हैं।

राजभर ने कहा, “अखिलेश यादव महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम बंगाल के चुनाव नतीजे देख चुके हैं। अब उन्हें पता चल गया है कि जनता क्या चाहती है।”

RJD और TMC को बताया ‘दगा कारतूस’

विपक्षी दलों पर हमला जारी रखते हुए राजभर ने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली की कई पार्टियां “दगे हुए कारतूस” साबित हो चुकी हैं।

उन्होंने आरजेडी और टीएमसी का नाम लेते हुए कहा कि जनता अब इन दलों की राजनीति को समझ चुकी है और विपक्ष की रणनीति लगातार कमजोर पड़ रही है।

I-PAC को लेकर भी लगाए आरोप

ओपी राजभर ने चुनावी रणनीति कंपनी I-PAC को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका संचालन कथित तौर पर “कोयला घोटाले के पैसे” से किया जा रहा था।

राजभर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलने के बाद फंडिंग रुक गई, जिसके चलते कई राजनीतिक करार भी खत्म हो गए।

‘दीदी से झालमुड़ी खाकर आइए’

अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत तंज कसते हुए राजभर ने कहा, “जब बंगाल जाएं तो दीदी के हाथ की थोड़ी झालमुड़ी जरूर खाकर आइएगा, वह बहुत अच्छा बनाती हैं।”

उन्होंने सपा के पीडीए फॉर्मूले पर भी कटाक्ष किया और कहा कि “इनका पीडीए सिर्फ डिंपल और अखिलेश तक सीमित है।”

‘20 साल तक यूपी में मौका नहीं मिलेगा’

ओपी राजभर ने दावा किया कि कांग्रेस के साथ मिलकर सत्ता में वापसी का सपना देख रही समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में अगले 20 साल तक मौका नहीं मिलने वाला।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव खुद फंड की कमी की बात कर रहे हैं और आने वाले समय में यह समस्या और बढ़ेगी।

राजभर ने आगे कहा, “अखिलेश यादव कहते हैं कि ज्योतिषी जो कहेंगे वही करेंगे। मैं ज्योतिषियों से कहना चाहता हूं कि उन्हें सच बोलने की सलाह दें।”

‘पूरा देश अब यूपी की ओर देख रहा’

अपने बयान के अंत में राजभर ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद अब पूरे देश की नजर उत्तर प्रदेश की राजनीति पर है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में भी विपक्ष को जनता से समर्थन नहीं मिलने वाला।

राजभर के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज हो गई है। फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related posts