लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में मॉनसूनी द्रोणी सक्रिय होने के कारण गोरखपुर और बस्ती मंडल समेत कई जिलों में सोमवार से बुधवार तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 45 से अधिक जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की भी चेतावनी दी है।
पूर्वी यूपी में भारी बारिश, तेज हवाओं के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद मॉनसूनी बादलों की सक्रियता बढ़ गई है। इसके चलते सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने का अनुमान है।
तापमान में आई गिरावट, उमस से मिलेगी राहत
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के करीब रहा। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बारिश से आने वाले दिनों में उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मध्य उत्तर प्रदेश में भी बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
लखनऊ सहित मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सोमवार से मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और भारी बारिश हो सकती है। रविवार को राजधानी में उमस और गर्मी बनी रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बारिश शुरू होने के बाद मौसम में राहत मिलेगी।
इन जिलों के लिए जारी हुआ यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, श्रावस्ती, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, प्रतापगढ़, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर और संत कबीर नगर सहित 45 से अधिक जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
3 से 7 अगस्त तक प्रशासन अलर्ट मोड पर
3 से 7 अगस्त के बीच भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए कई जिलों में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुजफ्फरनगर प्रशासन ने सभी उपजिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण विभाग और आपदा राहत से जुड़ी एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर राहत शिविरों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। गांव स्तर पर ग्राम प्रधानों और आपदा प्रबंधन समितियों को भी सक्रिय किया गया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदियों और नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा गया है।
