मुंबई: अभिनेत्री जरीन खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पैपराजी पर नाराजगी जताती नजर आ रही हैं। वीडियो में जरीन एक कथित फोटोग्राफर को सख्त लहजे में अपनी सीमा में रहने की नसीहत देती दिखाई देती हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
करीब पांच साल से बड़े पर्दे से दूर चल रहीं जरीन खान इस बार किसी फिल्म या निजी जीवन की वजह से नहीं, बल्कि अपने वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। वीडियो में उनका गुस्से वाला अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
क्या है पूरा मामला?
वायरल वीडियो में जरीन खान एक स्टोर में कपड़े देखती नजर आती हैं। इसी दौरान वहां मौजूद एक शख्स उनसे पूछता है, “ये चाहिए क्या?” इस पर जरीन मुस्कुराते हुए जवाब देती हैं कि उन्हें जो चाहिए होगा, वह खुद ले लेंगी और किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।
इसके बाद कथित तौर पर वही शख्स उनसे कहता है, “ट्राई करो ना।” यह बात सुनते ही जरीन खान नाराज हो जाती हैं।
‘हद में रहकर बात करना’
वीडियो में जरीन खान कहती सुनाई देती हैं, “यहीं? तुम लोगों के सामने? मेरे साथ फालतूगिरी बिल्कुल मत करना। हद में रहकर बात करना सबके सब, ओके।”
बताया जा रहा है कि यह प्रतिक्रिया उन्होंने एक पैपराजी की टिप्पणी पर दी थी। हालांकि इस घटना को लेकर संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सोशल मीडिया पर मिले समर्थन के स्वर
वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने जरीन खान के व्यवहार का समर्थन किया। कुछ लोगों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर भी कलाकारों की निजी गरिमा और सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। वहीं कुछ अन्य यूजर्स ने इसे अनुचित टिप्पणी का जवाब बताया।
‘वीर’ से किया था बॉलीवुड डेब्यू
जरीन खान ने वर्ष 2010 में सलमान खान के साथ फिल्म ‘वीर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद वह ‘हाउसफुल 2’, ‘हेट स्टोरी 3’, ‘अक्सर 2’ और ‘1921’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।
अपने करियर के शुरुआती दौर में जरीन की तुलना अक्सर कैटरीना कैफ से की जाती रही। इस पर वह पहले भी कह चुकी हैं कि शुरुआत में उन्हें यह तुलना अच्छी लगती थी, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि इसका उनके करियर पर असर पड़ा।
