दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत में मौसम ने बदली करवट, अगले 3 दिन राहत के आसार; IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

नई दिल्ली: कई दिनों से भीषण गर्मी और लू की मार झेल रहे उत्तर भारत के लोगों को अब बड़ी राहत मिलने के संकेत मिले हैं। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव से अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में तेज आंधी और तूफान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही 15 राज्यों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

भीषण गर्मी के बाद बदला मौसम का मिजाज

पिछले कई दिनों से उत्तर भारत के ज्यादातर राज्य भीषण गर्मी और लू की चपेट में थे। गुरुवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 47.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के सिरसा और पंजाब के फरीदकोट में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ।

दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दिल्ली में तेज हवाओं और काले बादलों के बीच हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हरियाणा के चरखी दादरी, रेवाड़ी और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ ओले गिरे।

आंधी-तूफान ने ली बच्चों की जान

हरियाणा के नूंह जिले में तेज आंधी के कारण बड़ा हादसा हो गया। टपकान गांव में स्कूल की दीवार गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चंदेनी गांव में मकान की दीवार ढहने से एक अन्य बच्चे ने दम तोड़ दिया। हादसे में चार बच्चे घायल भी हुए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में तेज आंधी से पेड़ों की टहनियां टूट गईं और कई जगह बिजली के खंभे गिर गए। बदायूं में भी जोरदार बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई। देर रात लखनऊ और आसपास के जिलों में भी तेज हवाओं के बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई।

उत्तराखंड में भारी ओलावृष्टि, फसलों को नुकसान

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में भारी बारिश के साथ बड़े आकार के ओले गिरे। कई जगह 100 से 200 ग्राम तक के ओलों ने वाहनों के शीशे, हेडलाइट और खिड़कियों के कांच तोड़ दिए। ओलावृष्टि से सब्जियों और फलों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि जंगलों में लगी आग बारिश के बाद बुझ गई।

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भी आंधी, ओलावृष्टि और बिजली गिरने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

खराब मौसम का उड़ानों पर भी असर

दिल्ली में खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। अलग-अलग शहरों से दिल्ली आने वाली 11 फ्लाइट्स को जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ भेजा गया। मौसम सामान्य होने के बाद इन विमानों को दोबारा दिल्ली लाया गया।

बेंगलुरु से दिल्ली जा रही एक फ्लाइट में यात्री की तबीयत बिगड़ने पर मेडिकल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। विमान की लैंडिंग लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई, जहां जांच में यात्री को एंजाइटी की समस्या पाई गई।

भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव

पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिले में तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। उफनते पानी में सड़क पर खड़े स्कूटर और साइकिल बह गए। हाट बाजार, 9वां मील और 10वां मील क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित बताए जा रहे हैं। लगातार बारिश के बीच स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

Related posts