हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में निर्माणाधीन पुल गिरने से हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। हादसे में मजदूरों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को बिना देरी किए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने का आदेश दिया है। साथ ही कहा है कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जाए। प्रशासन को राहत अभियान पूरी गंभीरता और तेजी के साथ चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
घायलों के इलाज और मुआवजे के आदेश
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि हादसे में घायल मजदूरों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने और हर संभव सरकारी सहायता पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन को प्रभावित परिवारों के संपर्क में रहकर मदद सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निर्माणाधीन पुल का ढांचा भरभराकर गिरा
जानकारी के मुताबिक, हमीरपुर जिले के कुरारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे कंदौर-मोराकांदार निर्माणाधीन पुल का स्लैब, पिलर और शटरिंग का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के समय कई मजदूर निर्माण कार्य में लगे हुए थे, जो मलबे में दब गए।
अब तक 6 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रशासन ने शवों को बाहर निकालकर उनकी पहचान कर ली है। वहीं आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य मजदूर अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
मौके पर चला बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। जेसीबी और अन्य भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
इस हादसे के बाद निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों को लेकर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच के संकेत दिए हैं, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके।
