लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस सूची में सचिव और विशेष सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ आजमगढ़, बलिया और इटावा के मुख्य विकास अधिकारी भी शामिल हैं। इसके अलावा पीसीएस से आईएएस बने कुछ अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कई वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
सुधा वर्मा को सचिव राजस्व के पद से श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है। यह पद मार्कंडेय शाही के सेवानिवृत्त होने के बाद रिक्त था। डॉ. सारिका मोहन को महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा के पद से स्थानांतरित कर महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। वहीं नेहा शर्मा को महानिरीक्षक निबंधन से महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं सचिव चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी दी गई है।
अरुण कुमार को अपर महानिदेशक भूतत्व एवं खनिकर्म के पद से उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन का मिशन निदेशक बनाया गया है।
जे रीभा को अतिरिक्त प्रभार, संस्कृति विभाग में भी बदलाव
विशेष सचिव भूतत्व एवं खनिकर्म जे रीभा को उनके वर्तमान पद के साथ अपर निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। दीपा रंजन को मिशन निदेशक उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन से विशेष सचिव संस्कृति विभाग बनाया गया है।
संजय कुमार प्रथम को विशेष सचिव संस्कृति एवं निदेशक धर्मार्थ कार्य के पद से विशेष सचिव संस्कृति के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करते हुए निदेशक संस्कृति का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है। वहीं विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति बनाया गया है और उन्हें निदेशक संस्कृति के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारी बदले गए
तबादला सूची में तीन जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों का भी स्थानांतरण किया गया है। परीक्षित खटाना को मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ से अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर बनाया गया है। राकेश कुमार पटेल को अपर आयुक्त लखनऊ मंडल से मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ की जिम्मेदारी मिली है।
ओजस्वी राज को मुख्य विकास अधिकारी बलिया से नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन नियुक्त किया गया है, जबकि आलोक कुमार को एडीएम (वित्त एवं राजस्व) से मुख्य विकास अधिकारी बलिया बनाया गया है। अजय कुमार गौतम को मुख्य विकास अधिकारी इटावा से अपर आयुक्त राज्य कर गाजियाबाद प्रथम भेजा गया है। उनकी जगह संजय कुमार सिंह को एडीएम (प्रशासन) से मुख्य विकास अधिकारी इटावा नियुक्त किया गया है।
संदीप भागिया को मिली मध्यांचल विद्युत निगम की कमान
संदीप भागिया को अपर आयुक्त राज्य कर गौतमबुद्ध नगर एवं गाजियाबाद द्वितीय से स्थानांतरित कर मध्यांचल विद्युत वितरण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं रेणु तिवारी को विशेष सचिव महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा सचिव राज्य महिला आयोग के पद से विशेष सचिव बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के दायित्व से कार्यमुक्त कर दिया गया है।
अन्य अधिकारियों को भी मिली नई तैनाती
जग प्रवेश को नगर आयुक्त मथुरा-वृंदावन से विशेष सचिव वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग बनाया गया है। मनिकंदन ए को प्रतीक्षारत सूची से हटाकर राजस्व परिषद में अपर भूमि व्यवस्था आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. वंदना वर्मा को विशेष सचिव चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास विभाग तथा संयुक्त प्रबंध निदेशक राज्य चीनी निगम के साथ संयुक्त प्रबंध निदेशक सहकारी चीनी मिल्स संघ का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
