महागठबंधन में नहीं बनी बात : लालू बांटने लगे थे टिकट, तेजस्वी ने उदास मन से रोका

Tejashwi Yadav, Lalu Prasad Yadav, RJD ticket distribution, Bihar politics, Congress party, Mahagathbandhan seat sharing, Kahalgaon seat, Political alliance, Bihar political news, Tejashwi Lalu disagreement, Patna News, Patna Latest News, Patna News in Hindi, Patna Samachar

तेजस्वी यादव दिल्ली से पटना लौटे, कांग्रेसी खेमे में बढ़ी बेचैनी

पटना। कांग्रेस और राजद के बीच सीटों का बंटवारा नहीं हो पाया है। इसी बीच राजद के अघोषित प्रत्याशियों को सुप्रीमो लालू प्रसाद ताबड़तोड़ सिंबल दे रहे थे। दिल्ली से उदास मन लौटे तेजस्वी यादव के लिए यह स्थिति कुछ और परेशान करने वाली थी। कारण यह कि महागठबंधन में अभी सीटों का औपचारिक बंटवारा हुआ नहीं है। सहयोगी दलों, विशेषकर कांग्रेस, की नाराजगी का हवाला देते हुए उन्होंने पिता लालू प्रसाद से थोड़े और धैर्य का आग्रह किया। उसके बाद सिंबल देने पर तात्कालिक रूप से विराम लग गया है।

उल्लेखनीय है कि लालू लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पर ऐसे ही बीस पड़े थे। तब कांग्रेस मन मसोस कर रह गई थी। इस बार तेजस्वी के हस्तक्षेप का असली कारण यही है। वे जानते हैं कि दोस्ताना संघर्ष हो या अलग-अलग लड़ने की नौबत इसमें अगर कांग्रेस पिटेगी तो राजद को भी औंधे मुंह खाना होगा। 2010 में दोनों ऐसा करके देख भी चुके हैं, इस बार कांग्रेस हर स्थिति के लिए तैयार बैठी है।

यह भी पढ़ें : एनडीए में बनी सहमति : बिहार में 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ेगी भाजपा-जदयू

महागठबंधन के दूसरे घटक दल विकासशील इंसान पार्टी (वीआइपी) और वाम दल भी मानने वाले नहीं। सोमवार शाम लालू दिल्ली से पटना लौटे थे। तब राबड़ी आवास के बाहर जबरदस्त गहमागहमी रही। वह सिंबल लेने आए लोगों के समर्थकों की भीड़ थी। रात में कुछ लोगों को लालू ने चुपके से सिंबल भी थमा दिया।
मुस्कुराते हुए बाहर निकलने वाले वे लोग इंटरनेट मीडिया पर खुशखबरी साझा करने लगे। इसकी भनक लगते ही कांग्रेस के रणनीतिकारों ने तेजस्वी को चेताया।

चर्चा है कि कुछ सिंबल वापस ले लिए गए हैं। लालू जिनको सिंबल दे रहे थे, उन सीटों पर राजद की स्वाभाविक दावेदारी है। जैसे कि हिलसा, जहां राजद के अत्री मुनी उर्फ शक्ति सिंह यादव पिछली बार मात्र 12 मतों के अंतर से हार गए थे। अभी सीटों की अदला-बदली की भी बात चल रही। ऐसे में लालू द्वारा सिंबल बांटे जाने पर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई। कहलगांव का सिंबल देने के लिए झारखंड के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश को फोन घुमा दिया गया था, लेकिन कांग्रेस स्पष्ट कर चुकी है कि इस परंपरागत सीट को वह नहीं छोड़ेगी।

यह भी पढ़ें : योगी सरकार की पुलिस ने अब तक 256 दुर्दांत अपराधियों को किया ढेर, मेरठ जोन अव्वल

Related posts