नए घर में शिफ्ट होने से एक दिन पहले उजड़ गया पूरा परिवार, मुंबई में इमारत ढहने से मां समेत 4 बच्चों की मौत

बस्ती: मुंबई के मानखुर्द इलाके में जर्जर तीन मंजिला इमारत ढहने से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक महिला और उसके चार बच्चे मलबे में दब गए, जबकि परिवार का मुखिया उस समय सब्जी लेने बाहर गया हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

महिला और चार बच्चों की मौके पर मौत

मृतकों में बस्ती जिले के रसूलपुर गांव निवासी मोइनुद्दीन की पत्नी अख्तरजहां और उनके चार बच्चे शामिल हैं। हादसे के समय परिवार मानखुर्द स्थित अपने घर में मौजूद था। अचानक बगल की जर्जर तीन मंजिला इमारत भरभराकर उनके मकान पर गिर गई, जिससे अख्तरजहां, 14 वर्षीय कैसर, 7 वर्षीय जलालुद्दीन, 6 वर्षीय सेराजुद्दीन और 3 वर्षीय अनामिया की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोस की छह वर्षीय एक बच्ची भी हादसे की चपेट में आ गई और उसकी भी जान चली गई।

सब्जी लेने बाहर गया था पति, बच गई जान

घटना के समय मोइनुद्दीन सब्जी लेने बाजार गया हुआ था। इसी वजह से वह हादसे का शिकार होने से बच गया। हादसे के बाद वह अपने पैतृक गांव बस्ती लौट आया है। मृतकों के शव बुधवार को गांव लाए जाने की तैयारी है।

20 साल से मुंबई में रहकर कर रहा था मजदूरी

मोइनुद्दीन करीब 20 वर्षों से मुंबई में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। शादी के कुछ समय बाद ही वह पत्नी को साथ लेकर मुंबई चला गया था और वहीं परिवार के साथ रह रहा था।

एक दिन बाद नए घर में होना था शिफ्ट

परिवार ने जर्जर इमारत के खतरे को देखते हुए नया मकान ले लिया था। घर का सामान भी पैक किया जा चुका था और अगले ही दिन नए घर में शिफ्ट होने की तैयारी थी। बताया गया कि जिस इमारत का हिस्सा गिरा, उसमें कई दिनों से दरारें पड़ रही थीं और दीवारों व छत से टाइलें टूटकर गिर रही थीं। खतरे को भांपते हुए परिवार ने मकान छोड़ने का फैसला कर लिया था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया।

गांव में पसरा मातम

एक साथ परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही बस्ती जिले के रसूलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण इस हादसे से गहरे सदमे में हैं।

 

Related posts