यूपी के सभी 75 जिलों में 7 जून तक चलेगा विशेष अभियान, महिला दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा सम्मान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने विश्व दुग्ध दिवस सप्ताह के तहत पूरे प्रदेश में विशेष जागरूकता अभियान शुरू करने का फैसला किया है। यह अभियान राज्य के सभी 75 जिलों में 7 जून तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान गोशालाओं में स्वच्छता, पशु कल्याण, गोसंवर्धन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित भी किया जाएगा।

पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को देसी गायों के पालन के लिए जागरूक किया जाए और इसके लिए प्रोत्साहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा गोशालाओं में साफ-सफाई और उनके आसपास पौधारोपण कराने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

मंत्री ने निर्देश दिए कि अभियान में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि जागरूकता कार्यक्रम अधिक प्रभावी बन सके।

बैठक में भूसा संग्रहण अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 1,37,42,018 क्विंटल भूसा संग्रहण के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1,36,98,441 क्विंटल भूसा उपलब्ध कराया जा चुका है। इसमें 14,81,071 क्विंटल भूसा दान के माध्यम से जबकि 1,22,17,369 क्विंटल भूसा खरीदकर जुटाया गया है।

प्रदेश में पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 3,974 अस्थायी और 7,285 स्थायी भूसा बैंक स्थापित किए गए हैं। मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन जिलों में अभी भूसा संग्रहण का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ है, वहां तेजी से कार्रवाई कर निर्धारित लक्ष्य जल्द हासिल किया जाए।

सरकार का मानना है कि इस अभियान से पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं महिला दुग्ध उत्पादकों को सम्मानित कर उन्हें आत्मनिर्भरता और बेहतर उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

Related posts