SP-DM और CM को आरक्षण की जरूरत नहीं? राजभर बोले- आर्थिक आधार पर मिले आरक्षण, गरीबों तक पहुंचे लाभ

लखनऊ: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने आर्थिक आधार पर आरक्षण की वकालत की है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति डीएम, एसपी, आईजी, डीआईजी, मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री, राज्यपाल या राष्ट्रपति जैसे पदों पर पहुंच चुका है, उसे आरक्षण की क्या जरूरत है। राजभर ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने गरीबों और वंचितों को आगे बढ़ाने के लिए आरक्षण की व्यवस्था की थी। उनके मुताबिक आरक्षण का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचना चाहिए।

आरक्षण का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने की वकालत

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आरक्षण का उद्देश्य उन लोगों को विकास की मुख्यधारा में लाना है, जो अभी तक इससे बाहर हैं। उन्होंने दावा किया कि आरक्षण का लाभ पा चुके लोग लगातार इसका फायदा उठा रहे हैं, जबकि गरीब और जरूरतमंद पीछे छूट रहे हैं। राजभर ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाने की जरूरत है।

राजभर से पहले उनके बेटे अरविंद राजभर भी आर्थिक आधार पर आरक्षण दिए जाने की बात कह चुके हैं। उन्होंने भी आरक्षण को आर्थिक स्थिति से जोड़ने की वकालत की थी।

जातीय जनगणना पर विपक्ष को घेरा

ओम प्रकाश राजभर ने जातीय जनगणना को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम विरोध करना है, जबकि सरकार का काम अपना काम करना है। राजभर के मुताबिक प्रधानमंत्री की ओर से जातिवार जनगणना की घोषणा किए जाने के बाद विपक्ष में इसका श्रेय लेने की होड़ मच गई।

मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने के मुद्दे पर सपा पर तंज

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए राजभर ने कहा कि मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों के दौरान जो राजनीतिक संस्कृति बनी, वही आज सपा में दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में अपराधियों के खिलाफ मुकदमे तक दर्ज नहीं किए जाते थे। साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सामने आने वाली कई आपराधिक घटनाओं में सपाइयों के नाम सामने आ रहे हैं।

राजभर ने शिवपाल यादव के आजम खान को गृहमंत्री बनाए जाने संबंधी बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मुसलमानों ने वोट देकर चार बार यादव को मुख्यमंत्री बनाया है। अगर चच्चा मुसलमान को गृहमंत्री बनाने की बात कर रहे हैं तो बच्चा मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा भी कर दे। राजभर ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी ने उनकी बदौलत गाजीपुर की सभी सात विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी।

 

Related posts