Rain Alert: मौसम ने लिया यू-टर्न, अगले 5-6 दिन भारी बारिश-ओलावृष्टि का खतरा; 60 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी आंधी

देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है और मार्च की तेज गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। ताजा अपडेट के मुताबिक एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने और ऊपरी हवा के दबाव में बदलाव के कारण देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। रविवार को कई इलाकों में हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में कई राज्यों में आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिल सकता है।

अगले 5-6 दिन बारिश और धूल भरी आंधी का अलर्ट

हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल सकता है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश ठंडक बढ़ाएगी।

वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इन राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ जगहों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। उधर पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले 5-6 दिनों तक लगातार बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से मिलेगी राहत

तेज गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकेगी और इसके बाद तापमान धीरे-धीरे फिर बढ़ने लगेगा।

मध्य और पूर्वी भारत के साथ-साथ महाराष्ट्र और गुजरात में भी तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की कमी देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ दिनों के लिए राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि 17 मार्च की रात से एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे बारिश और आंधी की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर से यूपी-बिहार तक मौसम का असर

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम सुहावना बना रह सकता है। 18 मार्च को हल्की बारिश और तेज हवाओं के झोंके चलने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 15 और 16 मार्च के दौरान ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान का असर अधिक देखने को मिल सकता है। वहीं बिहार और झारखंड में भी गरज-चमक के साथ बारिश और लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं का अनुमान है। मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Related posts