राम मंदिर में मचा नया बवाल! दान गिनने वाले 23 कर्मचारियों का सामूहिक इस्तीफा, चढ़ावे की गणना पर पड़ा असर

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले के बीच अब एक और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मंदिर में दान की गिनती का कार्य करने वाले 23 कर्मचारियों ने एक साथ सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। कर्मचारियों के अचानक काम छोड़ने से चढ़ावे की गणना प्रभावित हुई है। गुरुवार को केवल 13 गणनाकर्मी ही ड्यूटी पर पहुंचे, जिससे पूरे तंत्र में हलचल मच गई।

काम के घंटे बढ़ने और वेतन घटने से नाराजगी

इस्तीफा देने वाले एक कर्मचारी के मुताबिक, पहले चढ़ावे की गणना दो शिफ्टों में होती थी, लेकिन प्रकरण सामने आने के बाद कई कर्मचारियों को हटाने के साथ व्यवस्था में बदलाव किया गया। इसके बाद दो शिफ्टों की जगह एक ही शिफ्ट में काम शुरू कर दिया गया। पहले जहां छह घंटे की ड्यूटी होती थी, वहीं अब कर्मचारियों से सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक यानी करीब नौ घंटे काम लिया जा रहा था।

कर्मचारी का दावा है कि पहले सभी को 14,755 रुपये मासिक वेतन मिलता था, लेकिन बाद में वेतन में कटौती कर अलग-अलग कर्मचारियों को 8 हजार से 11 हजार रुपये तक ही भुगतान किया जाने लगा। इसके अलावा मासिक अवकाश की संख्या भी कम कर दी गई।

मांगें नहीं मानी गईं तो सौंप दिया सामूहिक इस्तीफा

कर्मचारियों का कहना है कि बुधवार शाम काम समाप्त होने के बाद सभी ने एकजुट होकर काम के घंटे और वेतन को पहले की तरह बहाल करने की मांग उठाई। इस संबंध में संबंधित बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को उपलब्ध कराने वाली एजेंसी के सुपरवाइजर से भी शिकायत की गई, लेकिन उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई।

इसके बाद 23 कर्मचारियों ने हस्ताक्षरयुक्त सामूहिक इस्तीफा संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया। कर्मचारियों को मनाने की कोशिश भी की गई, लेकिन गुरुवार सुबह इस्तीफा देने वाला कोई भी कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।

गणना कार्य प्रभावित, नई भर्ती की तैयारी

बैंक से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को केवल 13 गणनाकर्मियों ने ही काम किया, जिससे चढ़ावे की गणना का कार्य प्रभावित हुआ। अब नए कर्मचारियों की भर्ती की तैयारी की जा रही है। हालांकि, चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद किसी भी नए कर्मचारी की नियुक्ति से पहले विस्तृत सत्यापन किया जाएगा, जिसके चलते भर्ती प्रक्रिया में समय लग सकता है।

एजेंसी और बैंक के अलग-अलग दावे

कर्मचारियों को उपलब्ध कराने वाली एजेंसी के वाराणसी प्रभारी ने इस मामले पर तत्काल प्रतिक्रिया देने से इनकार करते हुए बाद में जवाब देने की बात कही। वहीं बैंक से जुड़े एक कर्मचारी का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों को हटाया गया है और अब पहले जितनी संख्या में कर्मचारियों की आवश्यकता नहीं है।

ट्रस्ट अध्यक्ष से कार्यवाहक महासचिव की मुलाकात

इसी बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से कार्यवाहक महासचिव कृष्ण मोहन ने मणिराम छावनी मंदिर में मुलाकात की। इस दौरान गोपाल राव भी मौजूद रहे। पदभार संभालने के बाद कृष्ण मोहन की अध्यक्ष से यह पहली मुलाकात थी, जिसमें करीब एक घंटे तक विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। इस बैठक को भी कर्मचारियों के सामूहिक इस्तीफे के घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

Related posts