‘बहुत लोग BJP छोड़ना चाहते हैं’, बृजभूषण को लेकर उठी अटकलों के बीच अखिलेश यादव का बड़ा बयान

पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कई लोग खुद को पीड़ित, दुखी और अपमानित महसूस कर रहे हैं और पार्टी छोड़ना चाहते हैं।

अखिलेश यादव ने कहा, “बहुत से लोग बीजेपी छोड़ना चाहते हैं। वे पीड़ित हैं, दुखी हैं और अपमानित महसूस कर रहे हैं। वहां से निकलना चाहते हैं। जहां तक गोंडा के हमारे पुराने साथी और पूर्व सांसद का सवाल है, राजनीति में कब क्या मोड़ आ जाए, यह वही बेहतर बता सकते हैं।”

उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब पिछले कुछ दिनों से बृजभूषण शरण सिंह लगातार बिना नाम लिए भाजपा और सरकार पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं।

बृजभूषण के बयानों से तेज हुईं सियासी चर्चाएं

हाल के दिनों में बृजभूषण शरण सिंह के कई बयान राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था कि उन्हें जनता ने नहीं बल्कि “षड्यंत्र” ने राजनीति से बाहर किया है।

उन्होंने कहा था, “जिस लोकसभा क्षेत्र से मुझे बेइज्जत करके निकाला गया है, अगर जिंदा रहा तो एक दिन वहां जरूर लौटूंगा।”

इसी दौरान उन्होंने यह भी कहा था कि वह अखिलेश यादव का “अहसान नहीं भूलेंगे।” उनके इस बयान के बाद से ही उनके समाजवादी पार्टी के करीब आने की अटकलें तेज हो गई थीं।

गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कैसरगंज सीट से बृजभूषण की जगह उनके बेटे करण भूषण सिंह को उम्मीदवार बनाया था।

‘हम दिखा देंगे हमारी उपयोगिता क्या है’

बृजभूषण शरण सिंह का एक और बयान भी हाल में काफी चर्चा में रहा, जिसमें उन्होंने अपनी राजनीतिक उपेक्षा को लेकर नाराजगी जाहिर की थी।

उन्होंने कहा था, “आज सरकार की नजरों में हमारा कोई अस्तित्व नहीं है। अगर किसी को लगता है कि हम बोझ बन गए हैं तो एक बार साफ कह दें कि हमारी जरूरत नहीं है। 2027 में कह दो, 2029 में कह दो, जब मन करे कह दो। हम दिखा देंगे कि हमारी उपयोगिता क्या है।”

उनके इन बयानों को भाजपा नेतृत्व के प्रति नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।

अनुपमा जायसवाल से मुलाकात के बाद बढ़ी थी चर्चा

कुछ समय पहले भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल पोस्टर जलाने की घटना के दौरान आग से झुलस गई थीं। उस दौरान अखिलेश यादव उनसे मिलने पहुंचे थे।

इस पर बृजभूषण शरण सिंह ने अखिलेश की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने “बड़प्पन” दिखाया है। उन्होंने यह भी कहा था कि अखिलेश के पहुंचने के बाद भाजपा नेताओं की भी लाइन लग गई और दोनों डिप्टी सीएम समेत कई नेता हालचाल लेने पहुंचे।

राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि इसी घटना के बाद दोनों नेताओं के बीच नजदीकियों की चर्चा और तेज हुई।

हरदोई में पीड़ित परिवार से मिले अखिलेश

इस बीच समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव हरदोई पहुंचे, जहां उन्होंने शिल्पी कुशवाहा हत्याकांड में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। मल्लावां के रसूलपुर गांव पहुंचकर उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा।

उन्होंने मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अगर समय रहते न्याय मिलता तो ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।

‘परिवारवाद का आरोप लगाने वाली BJP खुद उसी में शामिल’

अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि परिवारवाद का आरोप लगाने वाली भाजपा खुद परिवारवाद की राजनीति कर रही है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा पीड़ितों और कमजोर वर्ग के साथ खड़ी रहती है। साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि बेटियों को सुरक्षित माहौल मिलना चाहिए।

गंगा एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि जब नेता जमीन पर जाकर हालात देखते हैं, तब विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आती है।

Related posts