झांसी: माफिया अतीक अहमद के परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से पांच लोग एक कार में सवार होकर झांसी जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार पूंछ थाना क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर पहुंची, वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आबान अहमद समेत दो की मौके पर मौत
हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और प्रयागराज निवासी अहजम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे
परिजनों और शुरुआती जांच में सामने आया है कि सभी लोग झांसी जिला कारागार में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल से स्थानांतरित कर झांसी जिला जेल भेजा गया था। उसी सिलसिले में परिवार के सदस्य और परिचित झांसी जा रहे थे।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जबकि दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक स्तर पर तेज रफ्तार, चालक का वाहन से नियंत्रण खोना, झपकी आने या टायर फटने जैसे सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
