बहराइच में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, 8 साल के मासूम की गला रेतकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव

बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी समारोह की खुशियों और डीजे के शोरगुल के बीच एक 8 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह बच्चे का खून से लथपथ शव झाड़ियों में मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, मामला कैसरगंज थाना क्षेत्र के मंझारा तोकली गांव के मजरा दयाल पुरवा का है। गांव में रात को शादी समारोह चल रहा था और डीजे की तेज आवाज के बीच लोग जश्न में शामिल थे। इसी दौरान लक्ष्मण निषाद का 8 वर्षीय बेटा शादी कार्यक्रम देखने के लिए घर से निकला था।

रातभर तलाश करते रहे परिजन

परिजनों के अनुसार काफी देर तक बच्चा घर वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों को चिंता हुई। इसके बाद गांव और आसपास उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन रात में उसका कोई सुराग नहीं मिला।

सुबह घर से करीब 300 से 400 मीटर दूर मूंज की झाड़ियों में बच्चे का शव पड़ा मिला। मासूम का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था। शव की हालत देखकर गांव के लोग भी सन्न रह गए।

रंजिश में हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि एक 8 वर्षीय बच्चे का शव गला कटी हालत में मिला है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

एक आरोपी हिरासत में, कई पहलुओं पर जांच जारी

पुलिस ने मामले में एक नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच की जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। वहीं, मासूम की हत्या ने इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

Related posts