वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अपने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत करेंगे। दीनदयाल हस्तकला संकुल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि भी भेजी जाएगी।
शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना का होगा शुभारंभ
नई योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों, रसोइयों, कस्तूरबा विद्यालयों के कर्मचारियों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और संविदा कर्मियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ समझौता भी किया जाएगा।
1.10 करोड़ छात्रों के अभिभावकों के खातों में जाएगी राशि
मुख्यमंत्री डीबीटी के माध्यम से प्रदेश के करीब 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के बैंक खातों में 1200 रुपये प्रति छात्र की राशि हस्तांतरित करेंगे। यह धनराशि यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी की खरीद के लिए दी जाएगी। वाराणसी जिले के 1,54,634 विद्यार्थियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
स्वच्छ और हरित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित स्वच्छ एवं हरित विद्यालयों के 12 प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
वाराणसी मंडल के हजारों शिक्षकों को मिलेगा लाभ
योजना के तहत वाराणसी जिले के 1,145 विद्यालयों के 12,407 पात्र शिक्षक एवं कर्मचारी लाभान्वित होंगे। वहीं पूरे वाराणसी मंडल के 7,417 विद्यालयों में कार्यरत 66,205 शिक्षकों और कर्मचारियों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
मिर्जापुर को ₹16,527 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
वाराणसी के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिर्जापुर पहुंचेंगे, जहां वह 16,527 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के बाद विंध्य कॉरिडोर परिसर में नवनिर्मित वीवीआईपी गेस्ट हाउस का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय भवन, 25 पुलों सहित कई बड़ी परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे।
विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
मिर्जापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मंडल स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी करेंगे। समीक्षा के बाद विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण करने के उपरांत वह चित्रकूट के लिए रवाना होंगे।
