सपा यूपी के लिए शाप, जब भी आई तबाही मचाई: सीएम योगी

गोंडा में 520 करोड़ की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी

गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा में समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा उत्तर प्रदेश के लिए शाप है। जब भी सत्ता में आई, तबाही मचाई। भाजपा आस्था को सम्मान देती है और बदलाव लाती है, जबकि सपा बदमाशों को संरक्षण देती है। मुख्यमंत्री ने 520 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 69 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सपा सरकार में दुर्गा पूजा के पंडालों को विवादित किया जाता था और कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई जाती थी। आज उत्तर प्रदेश कर्फ्यू और दंगों से मुक्त है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की पूजा से किसी को परेशानी है तो अपने घर में शोक मनाए, लेकिन दूसरों को परेशान न करे।

मुख्यमंत्री ने 2 नवंबर 1990 की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन सपा सरकार ने अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलवाई थी। भाजपा सरकार ने रामभक्तों पर पुष्पवर्षा कर राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि 7 नवंबर को अयोध्या में आयोजित होने वाले दीपोत्सव की रोशनी विकास के रूप में गोंडा और देवीपाटन मंडल तक पहुंचेगी।

सीएम योगी ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक और देवीपाटन मंडल के लिए लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले विकास का मतलब केवल सैफई था, लेकिन अब प्रदेश के सभी 75 जनपदों में बिना भेदभाव विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने रोजगार को लेकर कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने की कार्ययोजना तैयार है। दीपावली के बाद 35 हजार पुलिस कांस्टेबलों और 42 हजार होमगार्ड्स को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इसी सप्ताह साढ़े चार हजार सब इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी है।

उन्होंने घोषणा की कि चार वर्ष की सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों को पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, वन विभाग और कारागार सहित विभिन्न विभागों में 20 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। उन्हें बिना परीक्षा सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति देने की व्यवस्था की जाएगी।

सीएम योगी ने माफिया को चेतावनी देते हुए कहा कि सुरक्षा में सेंध लगाने वालों के लिए जेल या जहन्नुम ही जगह है। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों, किसानों, युवाओं और व्यापारियों की सुरक्षा तथा विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Related posts