लखनऊ: प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव अपने अहीर और जहीर पर नियंत्रण रखें, वरना यही लोग उन्हें भी निपटा देंगे।
बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा, “अखिलेश भाई, अपने अहीर और जहीर को कंट्रोल कीजिए महाराज।” उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग बहुत अति कर रहे हैं और समाज का अहित करने के साथ अखिलेश यादव के लिए भी मुश्किल खड़ी कर सकते हैं।
झांसी और हापुड़ की घटनाओं का किया जिक्र
राजभर ने कहा कि इसका उदाहरण एक दिन पहले की घटनाओं से देखा जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि झांसी में समाजवादी पार्टी से जुड़े एक ‘अहीर’, जो सरकारी शिक्षक हैं, ने बनिया समाज से आने वाले एक व्यापारी का अपहरण कर लिया। राजभर के मुताबिक पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है।
उन्होंने हापुड़ की घटना का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां ‘जहीर’ नाम के व्यक्ति को गोकशी के मामले में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
‘सुहेलदेव सेना की तरह अनुशासन भी सिखाइए’
एक दिन पहले समाजवादी छात्रसभा की नीली जींस और टी-शर्ट वाली ड्रेस के शुभारंभ को लेकर भी ओम प्रकाश राजभर ने निशाना साधा था। उन्होंने कहा कि जिन अपराधियों को राष्ट्रीय सुहेलदेव सेना की वर्दी की नकल करते हुए नीली ड्रेस पहनाई गई है, उन्हें सुहेलदेव सेना की तरह अनुशासन भी सिखाया जाना चाहिए।
राजभर ने कहा कि अगर उन्हें अनुशासन नहीं सिखा सकते तो कम से कम वातानुकूलित कमरे में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए उनसे अपराध न करने की शपथ तो दिलाई जा सकती है।
‘2027 में 27 सीट भी नहीं जीतने देंगे’
ओम प्रकाश राजभर ने अपने बयान में अखिलेश यादव को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो उनके ‘अहीर’ और ‘जहीर’ वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी को 27 सीट भी नहीं जीतने देंगे।
