देहरादून: उत्तराखंड में सोमवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद भयावह साबित हुआ। राज्य के अलग-अलग जिलों में हुए चार भीषण सड़क हादसों में मां-बेटे समेत 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हरिद्वार, अल्मोड़ा और रुद्रपुर में हुए इन हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सबसे बड़ा हादसा हरिद्वार जिले के श्यामपुर क्षेत्र में हुआ, जहां कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं अल्मोड़ा में कार दुर्घटना में कांग्रेस नेता समेत चार लोगों ने जान गंवा दी। इसके अलावा हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे और रुद्रपुर में भी अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हुई।
कांगड़ी फ्लाईओवर पर रोडवेज बस और पिकअप की भीषण टक्कर
हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 4:15 बजे कांगड़ी फ्लाईओवर पर टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार पिकअप में 10 लोग सवार थे, जबकि बस में 44 यात्री मौजूद थे। हादसे में 18 वर्षीय अमान और 35 वर्षीय फहीम की मौके पर मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत और उनकी पत्नी शबाना को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में अमान और फहीम टक्कर के बाद फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे थे। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।
निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास डंपर ने बाइक सवार को कुचला
हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के निकट एक और दर्दनाक हादसा हुआ। वैकल्पिक वन-वे मार्ग पर मिट्टी से भरे डंपर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया।
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक के सिर पर लगा हेलमेट भी टूट गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय ऋतिक कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
अल्मोड़ा में कार पलटी, कांग्रेस नेता समेत चार लोगों की मौत
अल्मोड़ा जिले के बलिया-बैगनिया मार्ग पर सोमवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हुआ। रिश्तेदारों से भरी कार अचानक अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से लुढ़कते हुए नीचे दूसरी सड़क पर जा पलटी।
हादसे में कांग्रेस के जिला सचिव राजेंद्र सिंह बिलवाल सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में जगदीश सिंह, लछम सिंह और पान सिंह भी शामिल हैं। दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिनमें कांग्रेस नेता का बेटा भी शामिल है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
रुद्रपुर में टायर फटने से कंटेनर में घुसी कार
उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार चलते समय कार का टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर में जा टकराया। हादसे में एक ट्रैवल कारोबारी की मौत हो गई।
लगातार हादसों से बढ़ी चिंता
एक ही दिन में चार बड़े सड़क हादसों में नौ लोगों की मौत ने राज्य में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस और प्रशासन ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है।
