लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। रविवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकलने के साथ तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में गर्मी और अधिक बढ़ेगी तथा अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाने के बावजूद बिहार सीमा से सटे तराई क्षेत्रों और कुछ दक्षिणी जिलों में हवा में नमी बनी हुई है। इसके प्रभाव से सोमवार को कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
13 जिलों में तेज हवाओं और बिजली चमकने की चेतावनी
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 13 जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है।
जिन जिलों में मौसम के बिगड़ने की संभावना जताई गई है उनमें सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर शामिल हैं। इन जिलों के आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
बांदा रहा सबसे गर्म, कई शहरों में 40 डिग्री पार
रविवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा उरई और प्रयागराज में 41.4 डिग्री सेल्सियस तथा झांसी में 40.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि होगी और प्रदेश में एक बार फिर तपिश भरे दिनों की वापसी होगी।
राजधानी लखनऊ में बढ़ी धूप की तल्खी
राजधानी लखनऊ में भी रविवार को तेज धूप और बढ़ती गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दिन के तापमान में 3.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात का तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया।
रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि राजधानी में अब पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पूरी तरह समाप्त हो चुका है और अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा।
अगले तीन दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ सहित आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों को गर्मी का अधिक अहसास होगा।
