गोरखपुर को 926 करोड़ की सौगात: सीएम योगी ने बांटी सहायता राशि, आवास की चाबियां और आयुष्मान कार्ड

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर में 926 करोड़ रुपये की लागत वाली 226 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, सहायता राशि, आवास की चाबियां, आयुष्मान कार्ड और अन्य लाभ वितरित किए। साथ ही प्रदेश में सुपोषण मिशन के द्वितीय चरण का शुभारंभ भी किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को नवीन टेक होम राशन (टीएचआर) रेसिपी और अनुपूरक पुष्टाहार वितरित किया। उन्होंने नन्हीं बच्चियों शेजल, सिद्धि, आंशी, सानवी और श्री को पोषण किट प्रदान की। वहीं सोनी देवी और अमृत देवी जैसी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को भी पोषण सामग्री देकर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

स्वरोजगार से लेकर आवास तक, कई योजनाओं के लाभार्थियों को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत लाभार्थी रवीना मधेशिया को स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत सुनीता देवी और चैता देवी को आवास की चाबी एवं स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना की लाभार्थी शकुंतला देवी को आयुष्मान कार्ड सौंपा गया, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

कृषि और पशुपालन क्षेत्र के लाभार्थियों को भी मिला प्रोत्साहन

कार्यक्रम में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सहायता प्रदान की गई। कौड़ीराम क्षेत्र के बुनेल प्रजापति को कृषि परियोजना के लिए अनुदान स्वीकृति पत्र दिया गया, जबकि बेलघाट क्षेत्र के जयप्रकाश मिश्रा को कृषि विकास से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराई गई। मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया।

हॉकी मैदान के नए पवेलियन का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में नव निर्मित एस्ट्रो टर्फ हॉकी मैदान के पवेलियन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने हॉकी प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे बच्चों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने खुद हॉकी स्टिक थामकर मैदान पर स्ट्रोक लगाया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगी प्रदर्शनी और विभिन्न उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया।

अन्नप्राशन संस्कार में हुए शामिल, किया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में शामिल छोटे बच्चों को अन्न ग्रहण कराया और उनकी माताओं को उपहार देकर शुभकामनाएं दीं। साथ ही परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

इन प्रमुख परियोजनाओं का हुआ लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने 112 करोड़ रुपये की लागत से जिला कारागार की मुख्य दीवार के विस्तार और 30-30 कैदियों की क्षमता वाली चार नई बैरकों के निर्माण कार्य का लोकार्पण किया।

इसके अलावा 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में निर्मित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल का लोकार्पण किया गया। बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम के 27 करोड़ रुपये की लागत से हुए जीर्णोद्धार कार्य का भी उद्घाटन किया गया। वहीं 5 करोड़ रुपये की लागत से बने परिक्षेत्रीय साइबर थाने के प्रशासनिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

कई नई परियोजनाओं की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने बी.आर.डी. मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों के लिए टाइप-2 श्रेणी के 100 आवासों के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया, जिस पर 49 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।

इसके अलावा गुलहरिया क्षेत्र में 48 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स कम एंटरटेनमेंट जोन और नगर निगम गोरखपुर क्षेत्र में 35 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले साहित्य पार्क की आधारशिला भी रखी गई।

 

Related posts