लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। सुबह और शाम के वक्त हल्की धुंध और कोहरे के साथ ठंड का एहसास बढ़ रहा है। राजधानी लखनऊ में सुबह हवा में नमी का स्तर 88 प्रतिशत दर्ज किया गया। गुरुवार को यहां अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, लखनऊ के कुछ इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया है।
हरदोई में सबसे कम तापमान, कई जिलों में भी बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। गुरुवार को हरदोई सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बरेली में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री और अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री और अधिकतम 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं, वाराणसी में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और प्रयागराज में 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झांसी में दिन का तापमान सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस रहा।
लखनऊ के लालबाग और तालकटोरा में खराब हुई हवा
राजधानी में ठंड की शुरुआत के साथ वायु प्रदूषण भी चिंता बढ़ा रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक, लालबाग में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 222 दर्ज किया गया। वहीं, तालकटोरा जिला उद्योग केंद्र क्षेत्र में यह आंकड़ा 232 रहा।
दोनों इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। ऐसे में बदलते मौसम के साथ प्रदूषण से बचाव को लेकर भी सावधानी बरतने की जरूरत है।
शुक्रवार को सुबह धुंध, बाद में साफ रहेगा आसमान
मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार सुबह हल्की धुंध छाई रह सकती है। इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है। फिलहाल प्रदेश में मौसम सामान्य बने रहने का अनुमान है।
सुबह और शाम के तापमान में बदलाव के बीच लोगों को ठंड से बचाव के साथ प्रदूषण को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
