परिसीमन बिल पर समर्थन के बदले सत्ता में हिस्सेदारी? सुप्रिया सुले को मोदी कैबिनेट में जगह मिलने की चर्चा

नई दिल्ली: संसद में अगले सप्ताह परिसीमन बिल पेश होने से पहले महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है। शरद पवार की एनसीपी (एसपी) इस बिल पर समर्थन के बदले केंद्र और महाराष्ट्र, दोनों सरकारों में सत्ता हिस्सेदारी चाहती है। पार्टी की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले को मोदी कैबिनेट में शामिल करने और महाराष्ट्र में पार्टी के नेताओं को मंत्री पद देने को लेकर बातचीत की खबरें सामने आ रही हैं।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, शरद पवार की पार्टी कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन से अलग होकर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल होने के विकल्प पर भी बातचीत कर रही है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर बातचीत इस राजनीतिक घटनाक्रम का अहम हिस्सा है।

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा में शुरू होने वाला है। सत्र से पहले गठबंधन और सत्ता साझेदारी को लेकर अंदरखाने बातचीत तेज होने की खबरें हैं। माना जा रहा है कि परिसीमन बिल पर समर्थन देने से पहले संभावित समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिश की जा रही है।

सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाने की कोशिश

एनसीपी (एसपी) नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में सुप्रिया सुले को शामिल कराने की कोशिश कर रहा है। सुप्रिया सुले शरद पवार की बेटी और पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष हैं।

हालांकि, वह हाल ही में कथित चुनावी धांधली के आरोपों को लेकर इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शनों में सक्रिय रही थीं, लेकिन पिछले कुछ दिनों में परिसीमन के विचार का समर्थन करती दिखाई दी हैं।

महाराष्ट्र सरकार में भी दो कैबिनेट पदों की मांग

एनसीपी (एसपी) केंद्र के अलावा महाराष्ट्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार में भी दो कैबिनेट पदों के लिए बातचीत कर रही है। महाराष्ट्र में अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी भी सरकार का हिस्सा है।

सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल को वित्त मंत्रालय दिए जाने की संभावना है। वहीं, दूसरे कैबिनेट पद के लिए वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड का नाम चर्चा में है। पार्टी अपने अन्य वरिष्ठ विधायकों को समायोजित करने के लिए दो राज्य मंत्री पद भी मांग रही है।

हालांकि, सुप्रिया सुले को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलों को खारिज किया गया है। सुले ने हाल ही में ऐसी खबरों को निराधार बताया था। उन्होंने कहा था कि राज्य विधानसभा में पार्टी के केवल 10 विधायक हैं।

परिसीमन बिल में एनसीपी (एसपी) के 8 सांसद अहम

लोकसभा में एनसीपी (एसपी) के आठ सांसद हैं, जिनकी परिसीमन से जुड़े प्रस्ताव पर समर्थन देने में अहम भूमिका हो सकती है। यह प्रस्ताव संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से जुड़ा है। इस आरक्षण को 2023 में सभी दलों के समर्थन के साथ सशर्त मंजूरी दी गई थी।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, एनसीपी (एसपी) के भीतर एक वर्ग का मानना है कि संसद में बिल का औपचारिक समर्थन करने से पहले सत्ता में हिस्सेदारी का फॉर्मूला तय होना चाहिए।

कांग्रेस नेतृत्व से शरद पवार ने फोन पर बताई अपनी मजबूरी

सूत्रों के मुताबिक, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे शरद पवार ने कांग्रेस नेतृत्व से फोन पर बातचीत कर अपनी पार्टी की मजबूरियों के बारे में बताया है। चर्चा है कि उन्होंने इंडिया गठबंधन के सहयोगियों को समझाया कि परिसीमन बिल का समर्थन करना पार्टी में संभावित टूट को रोकने के लिहाज से जरूरी है।

पार्टी के नेता भी इस बदलाव के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करते दिखाई दे रहे हैं। जितेंद्र आव्हाड ने दिन में कहा था कि शरद पवार ने एक अनौपचारिक बातचीत में निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को जरूरी बताया था।

सुप्रिया सुले भी पहले परिसीमन की जरूरत का समर्थन कर चुकी हैं। उनका कहना है कि सीटों में समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ोतरी से उन राज्यों की आशंकाएं दूर हो सकती हैं, जिन्हें डर है कि परिसीमन के बाद उनकी हिस्सेदारी कम हो जाएगी।

30 नवंबर को सीधे दिल्ली पहुंचेंगी सुप्रिया सुले

शरद पवार की तबीयत का हवाला देते हुए सुप्रिया सुले पहले ही कह चुकी हैं कि वह सोमवार को सीधे दिल्ली पहुंचेंगी और संसद सत्र में शामिल होंगी। इसी वजह से वह 28 नवंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगी। पार्टी के सांसद निलेश लंके को इस बैठक में एनसीपी (एसपी) का प्रतिनिधित्व करना था। हालांकि, राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव की चर्चा जारी है।

कांग्रेस ने शरद पवार को राज्यसभा भेजने में समर्थन की याद दिलाई

महाराष्ट्र कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर शरद पवार को राज्यसभा भेजने में पार्टी के समर्थन का जिक्र किया। कांग्रेस ने कहा कि मार्च 2026 में महाराष्ट्र की सात राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने थे। उस समय एनसीपी (एसपी) के पास केवल 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा चुनाव जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी।

कांग्रेस के पास 16 विधायक और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के पास 20 विधायक थे। पोस्ट के मुताबिक, सुप्रिया सुले ने शरद पवार की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेताओं से समर्थन मांगा था। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी हिचकिचाहट के सहमति दी थी। कांग्रेस ने पोस्ट के अंत में सवाल उठाया, ‘और अब क्या?’

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें भी तेज

मोदी कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें पिछले कई महीनों से चल रही हैं। भाजपा में संगठनात्मक बदलाव के बाद अगस्त में मंत्रिमंडल में नए चेहरों को शामिल करने, सहयोगी दलों को प्रतिनिधित्व देने और कुछ मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदलने की चर्चा तेज हुई थी।

सितंबर में मंत्रियों का चिंतन शिविर और नवंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा बैठक भी इन अटकलों के बीच अहम मानी गई। हाल में 23 नवंबर के आसपास कैबिनेट फेरबदल की चर्चा थी, लेकिन इसके टलने की खबरें भी सामने आईं। फिलहाल मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

 

Related posts