वाराणसी: रिलायंस समूह के निदेशक और उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी सोमवार को पांच महीने के भीतर दूसरी बार वाराणसी पहुंचे। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान भी अर्पित किया।
अनंत अंबानी का यह दौरा पूरी तरह धार्मिक और आध्यात्मिक रहा। उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर के गर्भगृह में पहुंचकर बाबा का अभिषेक किया और पूजा संपन्न की। इसके बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी विशेष पूजा-अर्चना की।
इससे पहले अनंत अंबानी इसी साल 16 जून को भी काशी पहुंचे थे और बाबा विश्वनाथ व मां अन्नपूर्णा के दर्शन किए थे। लगातार दूसरी बार काशी पहुंचने को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच उनकी आस्था की चर्चा रही।
कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे मंदिर
तय कार्यक्रम के अनुसार अनंत अंबानी मुंबई से विशेष चार्टर विमान से शाम करीब 4:10 बजे वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। एयरपोर्ट के वीवीआईपी लाउंज में कुछ देर रुकने के बाद वह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से काशी विश्वनाथ धाम के लिए रवाना हुए।
शाम करीब साढ़े पांच बजे उनका काफिला मंदिर के वीआईपी गेट पर पहुंचा। अनंत अंबानी को देखते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह दिखाई दिया। लोगों ने मोबाइल कैमरों से उनकी तस्वीरें लीं। अनंत अंबानी ने भी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
वैदिक मंत्रों के बीच हुआ पूजन
मंदिर परिसर में पहुंचने के बाद अनंत अंबानी ने गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का पूजन किया। उन्होंने मंदिर के स्वर्ण शिखर को नमन कर आशीर्वाद लिया।
इस दौरान वाराणसी के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने वीवीआईपी लाउंज में उनका स्वागत किया। दर्शन और पूजा के बाद अनंत अंबानी मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे।
मां अन्नपूर्णा मंदिर में किया विशेष कुमकुम पूजन
मां अन्नपूर्णा मंदिर में अनंत अंबानी का विशेष कुमकुम पूजन कराया गया। मंदिर के 21 ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार और स्वस्तिवाचन के साथ उनका स्वागत किया। करीब 15 मिनट तक चले पूजन के बाद उन्होंने मां अन्नपूर्णा से सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर प्रबंधन की ओर से उन्हें प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किया गया। इसके बाद वह बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और रात करीब 8:40 बजे चार्टर विमान से मुंबई के लिए रवाना हो गए।
शादी के बाद भी पत्नी के साथ आए थे काशी
अनंत अंबानी इससे पहले जून महीने में भी काशी यात्रा पर आए थे। उस दौरान उन्होंने बाबा विश्वनाथ और मां अन्नपूर्णा के अलावा दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर, संकटमोचन मंदिर और कालभैरव मंदिर में भी दर्शन किए थे।
विवाह के बाद भी अनंत अंबानी अपनी पत्नी के साथ काशी पहुंचे थे और धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना की थी।
